रायपुर, 11 सितंबर 2026। राज्यपाल श्री रमेन डेका से आज लोक भवन में सैनिक स्कूल अंबिकापुर के विद्यार्थियों ने भेंट कर संवाद किया। इस दौरान राज्यपाल ने विद्यार्थियों को सफलता के लिए अनुशासन, आत्मनियंत्रण और कठोर परिश्रम को जीवन का आधार बनाने की प्रेरणा दी।
राज्यपाल श्री डेका ने कहा कि विद्यार्थियों के लिए यह सौभाग्य की बात है कि उन्हें सैनिक स्कूल जैसी उत्कृष्ट शैक्षणिक संस्था में अध्ययन करने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने कहा कि सैनिक स्कूलों में विद्यार्थियों को केवल शैक्षणिक शिक्षा ही नहीं दी जाती, बल्कि अनुशासन, समय की पाबंदी तथा शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के महत्व की भी सीख दी जाती है।
सफलता का आधार है अनुशासन
राज्यपाल ने विद्यार्थियों से कहा कि सफलता का सबसे महत्वपूर्ण आधार अनुशासन है। जीवन में लक्ष्य निर्धारित करने के साथ उसे हासिल करने के लिए निरंतर प्रयास, समय का सदुपयोग और आत्मनियंत्रण जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ अपने स्वास्थ्य और व्यक्तित्व विकास पर भी ध्यान देने की सलाह दी।
उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धी दौर में पढ़ाई, नौकरी और करियर के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए विद्यार्थियों को अपनी क्षमताओं का लगातार विकास करना होगा। इसके लिए नियमित अध्ययन, मेहनत और सकारात्मक सोच को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाना जरूरी है।
राज्यपाल ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें अपने निर्धारित लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने और चुनौतियों का आत्मविश्वास के साथ सामना करने की प्रेरणा दी।

