सिंगापुर में छत्तीसगढ़ की निवेश संभावनाओं की गूंज, CM साय ने उद्योग जगत को दिया ‘विकसित छत्तीसगढ़’ में भागीदारी का न्योता

सिंगापुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधिमंडल सिंगापुर में आयोजित SING फोरम 2026 में राज्य की औद्योगिक और निवेश संभावनाओं को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत कर रहा है। भारत सरकार के विदेश मंत्रालय के नामांकन के बाद सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन (SBF) द्वारा आयोजित प्रथम ‘सिंगापुर-इंडिया नेटवर्क फॉर ग्रोथ’ फोरम में छत्तीसगढ़ प्रतिनिधित्व कर रहा है।

गार्डन्स बाय द बे के साथ हरित विकास पर चर्चा

सिंगापुर प्रवास के पहले दिन मुख्यमंत्री साय और छत्तीसगढ़ प्रतिनिधिमंडल ने विश्व प्रसिद्ध गार्डन्स बाय द बे के जनरल मैनेजर, मास्टर प्लानिंग जेसन येओ तथा डायरेक्टर लिम चियाप सॉन्ग सहित वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात की। बैठक में मास्टर प्लानिंग, सतत डिजाइन और उद्यान प्रबंधन की कार्यप्रणाली को समझने के साथ उद्यानिकी, वनस्पति संरक्षण, शहरी हरियाली, ईको-टूरिज्म और क्षमता विकास में सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ प्राकृतिक संसाधनों, समृद्ध वनों और जैव विविधता से संपन्न प्रदेश है। नवा रायपुर के प्रस्तावित बॉटनिकल गार्डन के विकास के साथ प्रदेश के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में हरित क्षेत्रों के विस्तार तथा बेहतर लैंडस्केपिंग के लिए गार्डन्स बाय द बे के अनुभवों का लाभ लिया जा सकता है। इससे पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।

SBF के लीडरशिप डिनर में शामिल हुए CM साय

मुख्यमंत्री साय SING फोरम की पूर्व संध्या पर सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन द्वारा आयोजित लीडरशिप डिनर में भी शामिल हुए। कार्यक्रम में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, सिंगापुर में भारत के उच्चायुक्त डॉ. शिल्पक अंबुले, SBF चेयरमैन मार्क ली और सीईओ कोक पिंग सून सहित उद्योग जगत के वरिष्ठ प्रतिनिधि मौजूद रहे।

डिनर में मास्टरकार्ड, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, नेस्ले और द इंडियन होटल्स कंपनी लिमिटेड के वरिष्ठ प्रतिनिधियों ने भी सहभागिता की। इस दौरान भारत के राज्यों और सिंगापुर के कारोबारी समुदाय के बीच निवेश, व्यापार और दीर्घकालिक आर्थिक साझेदारी को लेकर संवाद हुआ।

सिंगापुर के निवेशकों को छत्तीसगढ़ में निवेश का न्योता

मुख्यमंत्री साय ने सिंगापुर के उद्योग जगत के समक्ष छत्तीसगढ़ को तेजी से उभरते निवेश गंतव्य के रूप में प्रस्तुत किया। उन्होंने राज्य की औद्योगिक नीति, ईज ऑफ डूइंग बिजनेस, MSME, स्टार्टअप और मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर में उपलब्ध अवसरों की जानकारी दी।

मुख्यमंत्री ने उद्योगपतियों और निवेशकों से ‘विकसित छत्तीसगढ़’ के निर्माण में सहभागी बनने और राज्य में निवेश के अवसरों का लाभ उठाने का आह्वान किया।

5 अक्टूबर को SING फोरम, 6 अक्टूबर को CEO राउंडटेबल

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय 5 अक्टूबर को SING फोरम 2026 में सहभागिता करेंगे। वहीं 6 अक्टूबर को सिंगापुर की प्रमुख कंपनियों और निवेश संस्थानों के शीर्ष नेतृत्व के साथ CEO राउंडटेबल में छत्तीसगढ़ की निवेश संभावनाओं और आर्थिक साझेदारी के अवसरों पर विस्तार से चर्चा करें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *