रायपुर। छत्तीसगढ़ में औद्योगिक विकास को गति देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। भारत औद्योगिक विकास योजना (BHAVYA) के तहत नवा रायपुर अटल नगर में इंटीग्रेटेड मल्टी-सेक्टर इंडस्ट्रियल पार्क विकसित करने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। इस परियोजना को भारत सरकार के समक्ष स्वीकृति के लिए भेजने का निर्णय लिया गया है।
मुख्य सचिव श्री विकासशील की अध्यक्षता में बुधवार को मंत्रालय महानदी भवन में स्टेट लेवल कमेटी की बैठक हुई। बैठक में छत्तीसगढ़ कैपिटल रीजन डेवलपमेंट अथॉरिटी (CRDA) द्वारा प्रस्तावित औद्योगिक पार्क की विस्तृत परियोजना पर चर्चा की गई।
DPR, मास्टर प्लान और अधोसंरचना पर चर्चा
बैठक में प्रस्तावित औद्योगिक पार्क की डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट (DPR), मास्टर प्लान, भूमि की उपलब्धता, आवश्यक अधोसंरचना, परियोजना लागत और वित्तीय व्यवस्था से संबंधित जानकारी प्रस्तुत की गई। साथ ही BHAVYA योजना की संचालन गाइडलाइन के अनुरूप परियोजना की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई।
स्टेट लेवल कमेटी ने प्रस्ताव को भारत सरकार के उद्योग एवं आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग (DPIIT) के माध्यम से प्रस्तुत करने का निर्णय लिया है।
नवा रायपुर में 406.72 एकड़ क्षेत्र में विकसित होगा पार्क
CRDA के प्रस्ताव के अनुसार इंटीग्रेटेड मल्टी-सेक्टर इंडस्ट्रियल पार्क नवा रायपुर अटल नगर, जिला रायपुर में विकसित किया जाना प्रस्तावित है। इसके लिए लगभग 406.72 एकड़ भूमि का क्षेत्र प्रस्तावित किया गया है।
पार्क में विभिन्न औद्योगिक गतिविधियों के लिए आवश्यक अधोसंरचना और सुविधाओं के विकास की योजना है। परियोजना का उद्देश्य क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों के लिए एकीकृत आधारभूत ढांचा उपलब्ध कराना है।
अब DPIIT के समक्ष रखा जाएगा प्रस्ताव
स्टेट लेवल कमेटी से प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद अब CRDA निर्धारित प्रक्रिया के तहत इसे DPIIT, भारत सरकार के समक्ष प्रस्तुत करेगा। भारत सरकार से परियोजना को स्वीकृति मिलने के बाद इसके आगामी चरणों पर कार्यवाही की जाएगी।
बैठक में नगरीय प्रशासन विभाग के प्रमुख सचिव श्री सोनमणि बोरा, आवास एवं पर्यावरण विभाग के सचिव श्री अंकित आनंद, श्रम विभाग के सचिव श्री हिमशिखर गुप्ता, प्रबंध संचालक CSIDC श्री उमेश कुमार झा, NRDA नवा रायपुर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री चंदन कुमार सहित कलेक्टर रायपुर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उपस्थित रहे।

