बस्तर में नक्सलवाद के खात्मे पर भाजपा का दावा, किरण देव बोले- यह ऐतिहासिक और युगांतरकारी उपलब्धि

kiran singh dev

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने बस्तर में नक्सलवाद के खात्मे को भारतीय लोकतंत्र और आंतरिक सुरक्षा के इतिहास की ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह सफलता केंद्र और राज्य की “डबल इंजन” सरकार के मजबूत संकल्प, रणनीति और सुरक्षा बलों के समन्वित प्रयासों का परिणाम है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने जारी बयान में कहा कि कांग्रेस शासन के दौरान जिस नक्सलवाद को देश की आंतरिक सुरक्षा के लिए सबसे बड़ा खतरा माना जाता था, उसे समाप्त करने का संकल्प प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में पूरा हुआ। उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री द्वारा तय समय-सीमा के भीतर इस लक्ष्य को हासिल करना सरकार की प्रतिबद्धता और सुरक्षा बलों की कार्यकुशलता को दर्शाता है।

किरण देव ने कहा कि प्रदेश सरकार की ‘पुनर्वास से पुनर्जीवन’ नीति के तहत आत्मसमर्पण करने वाले पूर्व नक्सलियों को आर्थिक सहायता, आवास, भूमि और कौशल विकास जैसी सुविधाएं दी जा रही हैं। उन्होंने बताया कि नक्सल मुक्त घोषित होने वाले गांवों में एक करोड़ रुपये तक के विकास कार्य स्वीकृत किए जा रहे हैं।

उन्होंने ‘नियद नेल्लानार’ योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि नए सुरक्षा शिविरों की स्थापना के बाद दूरस्थ इलाकों तक सड़क, बिजली, मोबाइल नेटवर्क, स्कूल और आंगनबाड़ी जैसी बुनियादी सुविधाएं पहुंची हैं। उनके अनुसार, बीजापुर और अबूझमाड़ के कई गांवों में पहली बार बिजली पहुंची है तथा बंद पड़े स्कूलों को दोबारा शुरू किया गया है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि ‘बस्तर ओलंपिक’, ‘बस्तर पण्डुम’ और ‘बस्तर हेरिटेज मैराथन’ जैसे आयोजनों ने क्षेत्र की नई और सकारात्मक पहचान बनाने में योगदान दिया है। उन्होंने यह भी कहा कि स्थानीय युवाओं की भागीदारी से गठित जिला रिजर्व गार्ड (DRG) ने नक्सल विरोधी अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *