रायपुर। छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता नलिनीश ठोकने को भारत सरकार ने न्यू स्पेस इंडिया लिमिटेड (NSIL) में स्वतंत्र निदेशक नियुक्त किया है। NSIL भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) की वाणिज्यिक इकाई है। उनकी शैक्षणिक योग्यता और अनुभव को ध्यान में रखते हुए यह जिम्मेदारी सौंपी गई है।
नलिनीश ठोकने ने एयरोनॉटिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई A.M.A.E.S.I. से की है। इस संस्था के संरक्षक के रूप में प्रधानमंत्री कार्य करते हैं। संस्था के पहले संरक्षक पंडित जवाहरलाल नेहरू थे, जबकि वर्तमान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसके संरक्षक हैं।
वर्ष 2003 से भाजपा मीडिया विभाग में सक्रिय
नलिनीश ठोकने वर्ष 2003 से भाजपा के मीडिया विभाग में सक्रिय हैं। उन्होंने प्रदेश मीडिया विभाग में प्रभारी सहित विभिन्न जिम्मेदारियों का निर्वहन किया है। वर्तमान में वे भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता के रूप में कार्य कर रहे हैं।
पार्टी संगठन के कार्यों में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने रायपुर उत्तर विधानसभा चुनाव में संयोजक के तौर पर जिम्मेदारी संभाली थी। इसके अलावा महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के दौरान तुलजापुर विधानसभा क्षेत्र में भी उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
भाजपा नेताओं ने दी बधाई
NSIL में स्वतंत्र निदेशक के रूप में नियुक्ति को छत्तीसगढ़ के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया जा रहा है। पार्टी की ओर से इसे ठोकने की शैक्षणिक योग्यता, संगठनात्मक अनुभव और लंबे समय से की जा रही सेवाओं का सम्मान माना गया है।
उनकी नियुक्ति पर भाजपा प्रदेश मीडिया विभाग के पदाधिकारियों और प्रवक्ताओं ने खुशी जताते हुए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

