रायपुर। छत्तीसगढ़ में महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप से जुड़े मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है। शुक्रवार को जांच एजेंसी की अलग-अलग टीमों ने रायपुर, दुर्ग-भिलाई और धमतरी समेत कई जिलों में एक साथ छापेमारी की। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, यह कार्रवाई ऑनलाइन सट्टेबाजी से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग और संदिग्ध वित्तीय लेनदेन की जांच के तहत की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, रायपुर के जोरा स्थित पार्क शिरीन कॉलोनी में ED की टीम ने जेल एवं होमगार्ड विभाग में वित्त सहायक के पद पर पदस्थ राजेन्द्र सिंह के आवास पर दबिश दी। यहां टीम दस्तावेजों और अन्य महत्वपूर्ण जानकारियों की जांच कर रही है।
वहीं, दुर्ग-भिलाई में एक चर्चित होटल के मालिक के घर और उनसे जुड़े अन्य ठिकानों पर भी जांच की जा रही है। इसके अलावा धमतरी में महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप के कथित सरगना सौरभ चंद्राकर के एक रिश्तेदार के आवास सहित अन्य ठिकानों पर ED की टीम पहुंची है।
जांच एजेंसी को महादेव ऐप से अर्जित रकम के लेनदेन और मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े मामलों की पड़ताल करनी है। फिलहाल अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी जारी है। हालांकि, इस कार्रवाई को लेकर ED की ओर से विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
दिल्ली में भी कारोबारी ठिकानों पर छापेमारी, 9 कंपनियां जांच के दायरे में
महादेव ऑनलाइन सट्टा मामले में ED ने दिल्ली में भी कार्रवाई की है। यहां लग्जरी कैटरर राहुल मक्कर, रियल एस्टेट कारोबारी शेली ग्रोवर और उनके बेटे माधव ग्रोवर से जुड़े ठिकानों पर छापेमारी की गई है। जांच के दायरे में पिता-पुत्र से जुड़ी नौ कंपनियां भी शामिल हैं।
बताया जा रहा है कि राहुल मक्कर ने सौरभ चंद्राकर की दुबई में हुई भव्य शादी में कैटरिंग का काम संभाला था। ED को आशंका है कि महादेव सट्टा ऐप से अर्जित करोड़ों रुपये इन लोगों तक पहुंचाए गए। साथ ही इस रकम को दुबई के रियल एस्टेट प्रोजेक्ट्स और भारत के हॉस्पिटैलिटी कारोबार में निवेश किए जाने की भी जांच की जा रही है।
जांच एजेंसी सौरभ चंद्राकर से पूछताछ के दौरान मिली जानकारियों के आधार पर वित्तीय लेनदेन की कड़ियां जोड़ रही है। ED यह पता लगाने में जुटी है कि कथित सट्टेबाजी से अर्जित रकम किन लोगों और कंपनियों के माध्यम से आगे भेजी गई और इसका इस्तेमाल किन कारोबारों में किया गया।

