रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रदेश के खिलाड़ियों के लिए बड़ा निर्णय लेते हुए वर्ष 2018-19 और 2019-20 के लिए 156 उत्कृष्ट खिलाड़ियों के चयन को अंतिम मंजूरी दे दी है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में मंगलवार को आयोजित उच्च स्तरीय समिति की बैठक में यह फैसला लिया गया। अधिसूचना जारी होने के बाद चयनित खिलाड़ियों को शासकीय सेवा में नियुक्त करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
राज्य के खिलाड़ी लंबे समय से इस सूची का इंतजार कर रहे थे। अब सरकार के इस निर्णय से उनकी नियुक्ति का रास्ता साफ हो गया है।
20 खेलों के खिलाड़ियों का हुआ चयन
बैठक में प्राप्त आवेदनों की विस्तृत समीक्षा के बाद 20 विभिन्न खेलों से जुड़े 156 खिलाड़ियों को पात्र माना गया। चयनित खिलाड़ियों की सूची अब सामान्य प्रशासन विभाग को भेजी जाएगी। विभाग द्वारा अधिसूचना जारी होने के बाद सरकारी सेवा में नियुक्ति की औपचारिक प्रक्रिया शुरू होगी।
खिलाड़ियों को मिलेगा सरकारी सेवा का अवसर
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि चयनित खिलाड़ियों को उनकी पात्रता के अनुरूप समयबद्ध और पारदर्शी प्रक्रिया के तहत शासकीय सेवा में नियुक्त किया जाए।
उन्होंने कहा कि उत्कृष्ट खिलाड़ियों का अनुभव नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है। इसलिए उनकी सेवाओं का उपयोग केवल सरकारी नियुक्ति तक सीमित न रखकर खेल प्रशिक्षण, प्रतिभा संवर्धन और युवा खिलाड़ियों के मार्गदर्शन में भी किया जाना चाहिए।
खेल प्रतिभाओं को मिलेगा आधुनिक प्रशिक्षण
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य केवल खिलाड़ियों को सम्मानित करना नहीं, बल्कि ऐसी मजबूत खेल व्यवस्था विकसित करना है जहां गांव से लेकर राज्य स्तर तक प्रतिभाओं की समय पर पहचान हो और उन्हें आधुनिक प्रशिक्षण, बेहतर खेल संसाधन तथा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए पर्याप्त अवसर मिलें।
उन्होंने अधिकारियों को खेल गतिविधियों को और प्रभावी बनाने तथा खिलाड़ियों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करने के निर्देश भी दिए।
खेल अधोसंरचना पर सरकार का फोकस
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में खेलों के समग्र विकास के लिए सरकार लगातार कार्य कर रही है। खेल अधोसंरचना का विस्तार, आधुनिक सुविधाओं का विकास और नई खेल अकादमियों की स्थापना पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
उन्होंने विश्वास जताया कि चयनित खिलाड़ी भविष्य में प्रशिक्षक और मार्गदर्शक की भूमिका निभाकर प्रदेश में खेल संस्कृति को और मजबूत करेंगे तथा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करने वाली नई प्रतिभाओं को तैयार करेंगे।
अब तक 182 खिलाड़ियों को मिल चुका है उत्कृष्ट खिलाड़ी का दर्जा
बैठक में बताया गया कि राज्य में अब तक 182 खिलाड़ियों को उत्कृष्ट खिलाड़ी घोषित किया जा चुका है। वर्ष 2018-19 और 2019-20 के लिए जारी विज्ञापन के आधार पर प्राप्त आवेदनों की जांच और निर्धारित मानकों के परीक्षण के बाद 156 खिलाड़ियों को पात्र पाया गया।
बैठक में उपमुख्यमंत्री अरुण साव, वन मंत्री केदार कश्यप, मुख्य सचिव विकास शील, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव राहुल भगत, सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव अविनाश चंपावत, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव यशवंत कुमार तथा विभाग की संचालक तनुजा सलाम सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

