CM Vishnu Deo Sai Today: आज सरगुजा और रायपुर के दौरे पर रहेंगे सीएम साय, 5 कार्यक्रमों में होंगे शामिल

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज रविवार, 29 नवंबर को सरगुजा और रायपुर के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे खेल, सामाजिक, सांस्कृतिक और शैक्षणिक गतिविधियों से जुड़े पांच प्रमुख कार्यक्रमों में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री सचिवालय की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार, सीएम साय अंबिकापुर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम में सहभागिता करेंगे। इसके बाद संभाग स्तरीय सरगुजा ओलंपिक के समापन समारोह और संभागीय कंवर समाज सम्मेलन एवं करमा तिहार में शामिल होंगे।

अंबिकापुर में तीन कार्यक्रमों में होंगे शामिल

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सुबह जशपुर जिले के कांसाबेल विकासखंड स्थित अपने गृहग्राम बगिया से अंबिकापुर के लिए रवाना होंगे। यहां सरगवां वाटर पार्क ओपन थिएटर में सुबह 11 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित ‘मन की बात’ कार्यक्रम में शामिल होंगे।

इसके बाद मुख्यमंत्री पीजी कॉलेज मैदान में आयोजित संभाग स्तरीय ‘सरगुजा ओलंपिक 2026’ के समापन समारोह में शिरकत करेंगे। यह कार्यक्रम दोपहर 12:10 बजे से 1:30 बजे तक निर्धारित है।

दोपहर 2 बजे सीएम साय एमजी रोड स्थित राजमोहिनी देवी भवन में आयोजित ‘संभागीय कंवर समाज सम्मेलन एवं करमा तिहार 2026’ में शामिल होंगे। यह कार्यक्रम दोपहर 3:30 बजे तक चलेगा। करमा तिहार आदिवासी समाज की सांस्कृतिक परंपराओं और सामाजिक एकजुटता का प्रतीक माना जाता है।

शाम को रायपुर में CODECON-2026 और मेडिकल फेस्ट

सरगुजा के कार्यक्रमों के बाद मुख्यमंत्री रायपुर लौटेंगे। राजधानी में शाम 6 बजे कोर्टयार्ड बाय मैरियट में आयोजित ‘CODECON-2026’ कार्यक्रम में शामिल होंगे।

इसके बाद शाम 7:20 बजे मोवा स्थित एसबीआईएमएस में ‘तरंग 2.0 – स्टेट यूथ मेडिकल फेस्ट 2026’ के उद्घाटन समारोह में सहभागिता करेंगे। यह कार्यक्रम रात 8:20 बजे तक निर्धारित है।

मुख्यमंत्री के आज के दौरे में सरगुजा और रायपुर के कुल पांच कार्यक्रम शामिल हैं। खेल प्रतियोगिता, सामाजिक सम्मेलन, सांस्कृतिक आयोजन और युवाओं से जुड़े कार्यक्रमों में उनकी सहभागिता रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *