धर्म के आधार पर आरक्षण पर सुप्रीम कोर्ट का फैसला महत्वपूर्ण, अवैध धर्मांतरण पर लगेगी रोक: CM विष्णु देव साय

रायगढ़ में कोलता समाज के नुआखाई भेंटघाट एवं प्रतिभा सम्मान समारोह में शामिल हुए मुख्यमंत्री, सामुदायिक भवनों के लिए 80 लाख रुपए की घोषणा

रायगढ़। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने धर्म के आधार पर आरक्षण का लाभ नहीं दिए जाने संबंधी सुप्रीम कोर्ट के फैसले को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि यह निर्णय दूरगामी महत्व रखता है। इससे अवैध धर्मांतरण पर भी रोक लगेगी। मुख्यमंत्री ने गुरुवार को रायगढ़ में पत्रकारों से चर्चा के दौरान यह बात कही।

मुख्यमंत्री साय रायगढ़ में कोलता समाज द्वारा आयोजित नुआखाई भेंटघाट एवं प्रतिभा सम्मान समारोह में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने समाज के लोगों को नुआखाई और शारदीय नवरात्रि की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने आयोजन के लिए कोलता समाज के प्रति आभार भी व्यक्त किया।

कोलता समाज के भवन के लिए 50 लाख रुपए की घोषणा

मुख्यमंत्री ने कोलता समाज की सराहना करते हुए कहा कि यह एक शिक्षित, संगठित और प्रगतिशील समाज है। समाज के लोग शिक्षा, कृषि और व्यापार सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान दे रहे हैं। विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में भी कोलता समाज की महत्वपूर्ण भूमिका है।

समाज की मांग और गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री ने नगर पंचायत पुसौर में कोलता समाज के भवन निर्माण के लिए 50 लाख रुपए देने की घोषणा की। इसके साथ ही ग्राम कोतरलिया के चंडी डोंगरी में सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 30 लाख रुपए देने की घोषणा की। इन दोनों घोषणाओं के तहत कुल 80 लाख रुपए की राशि प्रस्तावित है।

छत्तीसगढ़ में महिला क्रिकेट को मिलेगा बढ़ावा

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने छत्तीसगढ़ में पहली बार अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेट मैचों के आयोजन पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि प्रदेश के स्टेडियम में भारत और जिम्बाब्वे की महिला क्रिकेट टीमों के बीच होने वाले मुकाबलों से महिला क्रिकेट को प्रोत्साहन मिलेगा।

उन्होंने कहा कि ऐसे अंतरराष्ट्रीय मुकाबले प्रदेश की बेटियों को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने और अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित करेंगे। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से मैचों में पहुंचकर महिला खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने की अपील भी की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *