CG Board Examination: छत्तीसगढ़ बोर्ड परीक्षार्थी सावधान! फॉर्म में नाम, जन्मतिथि या फोटो गलत हुई तो लगेगा 400 रुपये जुर्माना

रायपुर। छत्तीसगढ़ में बोर्ड परीक्षा 2027 की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इसी बीच स्कूलों के सामने विद्यार्थियों के परीक्षा आवेदन फॉर्म और कट लिस्ट में हुई गलतियों को सुधारने की जिम्मेदारी है। नाम, माता-पिता के नाम, जन्मतिथि, फोटो या विषय संबंधी जानकारी में गलती होने पर विद्यार्थियों को बाद में परेशानी उठानी पड़ सकती है। अंकसूची जारी होने के बाद किसी तरह का संशोधन कराने पर प्रति विद्यार्थी 400 रुपए शुल्क देना होगा। इसे देखते हुए माध्यमिक शिक्षा मंडल ने स्कूलों को सभी दस्तावेजों की सावधानीपूर्वक जांच करने के निर्देश दिए हैं।

16 नवंबर से स्कूलों को मिलेंगे परीक्षा फॉर्म और कट लिस्ट

माध्यमिक शिक्षा मंडल के निर्देशानुसार 16 नवंबर से मान्यता प्राप्त स्कूलों को परीक्षा आवेदन फॉर्म और कक्षा 9वीं, 10वीं एवं 12वीं की कट लिस्ट वितरित की जाएगी। स्कूल प्राचार्यों को विद्यार्थियों के दस्तावेजों से जानकारी का मिलान करना होगा। इसके बाद संशोधित कट लिस्ट और परीक्षा आवेदन फॉर्म 26 नवंबर तक रायपुर स्थित मंडल मुख्यालय में जमा करने होंगे। निर्धारित समय-सीमा के बाद दस्तावेज स्वीकार नहीं किए जाएंगे।

परीक्षा बोर्ड समन्वयक एवं केंद्र प्रभारी प्राचार्य बी. मैथ्यू के अनुसार, प्रत्येक विद्यार्थी की जानकारी का उपलब्ध अभिलेखों से मिलान करना अनिवार्य है।

नाम, जन्मतिथि और फोटो की करनी होगी जांच

स्कूलों को विद्यार्थियों के नाम, माता-पिता के नाम, जन्मतिथि, माध्यम, विषय, जाति, लिंग, फोटो, नामांकन क्रमांक और संस्था से संबंधित विवरण की जांच करनी होगी। किसी भी जानकारी में गलती मिलने पर स्कूल स्तर पर ही सुधार करना होगा, ताकि अंकसूची जारी होने के बाद विद्यार्थियों को परेशानी न हो।

कक्षा 10वीं और 12वीं के विषयों में संशोधन के लिए 31 दिसंबर 2026 अंतिम तिथि निर्धारित की गई है। इसके बाद विषय परिवर्तन के आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।

अंकसूची और जाति प्रमाण पत्र भी जरूरी

कक्षा 10वीं के परीक्षा फॉर्म के साथ आठवीं और नौवीं की अंकसूची की प्रमाणित छायाप्रति लगानी होगी। वहीं, कक्षा 12वीं के फॉर्म के साथ दसवीं और ग्यारहवीं की अंकसूची प्राचार्य से प्रमाणित कराकर जमा करनी होगी।

अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति वर्ग के विद्यार्थियों को जाति प्रमाण पत्र सहित आवश्यक दस्तावेज भी जमा करने होंगे। जिन विद्यार्थियों की स्थानांतरण प्रमाण पत्र (टीसी) जारी हो चुकी है या जिनका निधन हो गया है, उनके परीक्षा फॉर्म और कट लिस्ट में निरस्त अंकित करना होगा।

लाल स्याही से सुधारनी होगी गलती

कट लिस्ट में किसी तरह की त्रुटि मिलने पर संबंधित जानकारी पर लाल स्याही से गोला लगाकर सही विवरण स्पष्ट अक्षरों में कैपिटल लेटर्स में लिखना होगा। इसके बाद संशोधित कट लिस्ट मंडल कार्यालय में जमा करनी होगी। जिन विद्यार्थियों के विवरण में कोई बदलाव नहीं है, उनके संबंध में भी स्कूलों को लिखित सूचना देनी होगी।

मंडल ने स्पष्ट किया है कि यदि स्कूल स्तर पर गलतियां नहीं सुधारी गईं और अंकसूची जारी होने के बाद संशोधन की जरूरत पड़ी तो प्रति विद्यार्थी 400 रुपए शुल्क देना होगा। वहीं, कक्षा 9वीं की कट लिस्ट में नामांकन कार्ड जारी होने के बाद संशोधन कराने पर 500 रुपए प्रति विद्यार्थी शुल्क निर्धारित किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *