‘भीख मांगी, खून तक बेचा…’, इंडियाज गॉट लेटेंट कंटेस्टेंट का छलका दर्द, समय रैना से लगाई खास अपील

India’s Got Latent Episode: स्टैंडअप कॉमेडियन समय रैना का शो ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ एक बार फिर चर्चा में है। इस बार वजह शो का कोई विवादित जोक नहीं, बल्कि एक कंटेस्टेंट का भावुक वीडियो है। शो में शामिल हुए सुभाष अहिरवार ने दावा किया है कि उन्होंने दूसरा सीजन का एक एपिसोड जीता था। जजों से उन्हें पूरे 10 में से 10 नंबर भी मिले, लेकिन इसके बावजूद उनका एपिसोड अब तक रिलीज नहीं किया गया। अपनी बात रखते हुए सुभाष सोशल मीडिया पर रो पड़े और समय रैना से उनका एपिसोड जारी करने की अपील की।

‘मैं शो का विनर हूं, फिर भी एपिसोड नहीं आया’

सुभाष अहिरवार ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया है। इसमें वह बताते हैं कि वह ‘इंडियाज गॉट लेटेंट 2’ में शामिल हुए थे और खुद को उस एपिसोड का विजेता बताते हैं। उनके मुताबिक, शो के जजों ने उन्हें 10 में से 10 नंबर दिए थे और उन्होंने भी खुद को इतने ही अंक दिए थे।

सुभाष का कहना है कि शो में अच्छा प्रदर्शन करने के बाद उन्हें एक फोन, एक लाख रुपये और 50 हजार रुपये का फूड वाउचर भी दिया गया था। हालांकि, उनके लिए सबसे अहम उनका एपिसोड था, जो अब तक दर्शकों के सामने नहीं आया है। इसी बात को लेकर उन्होंने अपनी निराशा जाहिर की।

बचपन में मांगी भीख, पेट पालने के लिए बेचा खून

वीडियो में सुभाष ने अपनी जिंदगी के संघर्षों के बारे में भी बताया। उन्होंने कहा कि बचपन से ही उन्हें मुश्किल हालात का सामना करना पड़ा। महज 6-7 साल की उम्र में उन्हें भीख मांगनी पड़ी। इसके बाद 9 साल की उम्र में ढाबे पर काम किया और 12 साल की उम्र में सिर पर बर्तन रखकर सब्जियां बेचीं।

सुभाष ने बताया कि 15 साल की उम्र में उन्होंने मजदूरी शुरू कर दी थी। इस दौरान वह पांच मंजिल तक 50 किलो की सीमेंट की बोरियां उठाकर ले जाते थे। आगे चलकर उन्होंने गार्ड की नौकरी की और ढाबे पर काम करने के साथ थिएटर भी किया। ग्रेजुएट होने के बावजूद उन्हें बाथरूम साफ करने का काम करना पड़ा। उन्होंने बताया कि आर्थिक तंगी के चलते उन्होंने अपना खून तक बेचा और मुंबई में डिलीवरी बॉय के तौर पर भी काम किया।

समय रैना से की एपिसोड रिलीज करने की अपील

अपनी पूरी कहानी बताते हुए सुभाष भावुक हो गए। उन्होंने समय रैना से कहा कि वह जिंदगी में तमाम मुश्किलों का सामना करके इस मुकाम तक पहुंचे थे। शो में मौका मिलने और खुद को विजेता मानने के बाद उन्हें उम्मीद थी कि उनकी मेहनत दर्शकों तक पहुंचेगी, लेकिन एपिसोड रिलीज नहीं होने से वह बेहद निराश हैं।

सुभाष ने समय रैना से अपील करते हुए कहा कि किसी के सपनों के साथ नहीं खेलना चाहिए और उनका एपिसोड जारी किया जाना चाहिए। उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। फिलहाल इस मामले पर समय रैना की ओर से कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

‘इंडियाज गॉट लेटेंट 2’ में नजर आए ये मेहमान

‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ के दूसरे सीजन में कई चर्चित चेहरे बतौर गेस्ट शामिल हुए हैं। इनमें राघव जुयाल, मुनव्वर फारूकी, निहारिका एनएम, रोहन जोशी, बादशाह, सौरव जोशी, हर्ष लिम्बाचिया, रजत सूद, दीपक कलाल, रवि गुप्ता, आयुष्मान खुराना और सुहानी शाह जैसे नाम शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *