भाजपा संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह का पहला बस्तर प्रवास, कार्यकर्ताओं को दिया जनता से संवाद बढ़ाने का मंत्र

रायपुर/जगदलपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए कार्यकर्ताओं को जनता से अधिक से अधिक संवाद स्थापित करना चाहिए। युवाओं के साथ निरंतर चर्चा और समाज के हर वर्ग से सीधा जुड़ाव संगठन को सशक्त बनाने के लिए आवश्यक है। राष्ट्र सेवा और जनसेवा सर्वोपरि है।

नवदायित्व संभालने के बाद प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह रविवार को अपने प्रथम बस्तर प्रवास पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने दंतेवाड़ा स्थित शक्तिपीठ में मां दंतेश्वरी के दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके बाद जगदलपुर स्थित भाजपा जिला कार्यालय में पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका जोशीला और आत्मीय स्वागत किया।

बस्तर की परिस्थितियों को लेकर कार्यकर्ताओं को किया मार्गदर्शित

भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित परिचयात्मक बैठक में कर्मवीर सिंह ने कार्यकर्ताओं से संगठनात्मक गतिविधियों को और अधिक सक्रिय बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बस्तर बहुत विशेष है। वर्तमान समय में देश में जैसी परिस्थितियां जानबूझकर निर्मित करने के प्रयास किए जा रहे हैं, उन्हें देखते हुए भाजपा कार्यकर्ताओं को हर क्षेत्र में जनता से सीधे जुड़कर संवाद बनाए रखना चाहिए।

उन्होंने विशेष रूप से युवाओं के बीच पहुंच बढ़ाने, उनके विचारों को सुनने और निरंतर संवाद के माध्यम से संगठन की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि संगठन को मजबूत बनाने के लिए सतत सक्रियता और विचारों का निरंतर प्रवाह जरूरी है।

वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत

इस अवसर पर बस्तर सांसद महेश कश्यप, भाजपा जिला अध्यक्ष वेदप्रकाश पाण्डेय, पूर्व विधायक डॉ. सुभाऊ कश्यप, संतोष बाफना, ब्रेवरेज कॉर्पोरेशन के अध्यक्ष श्रीनिवासन राव मद्दी, प्रदेश प्रवक्ता शिवनारायण पाण्डेय, महापौर संजय पाण्डेय, जिला महामंत्री रजनीश पाणिग्रही और परीश राम बेसरा सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।

इसके अलावा जिला पंचायत उपाध्यक्ष बलदेव मंडावी, निगम अध्यक्ष खेमसिंह देवांगन, योगेन्द्र पाण्डेय, आर्येंद्र सिंह आर्य, नरसिंह राव, लखीधर बघेल, रोहित त्रिवेदी, फूलसिंह सेठिया, किरण सेन, प्रकाश झा, अविनाश श्रीवास्तव, माहेश्वरी ठाकुर, अभिलाष यादव, विनय सोना, बी. जयराम और ममता राणा सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *