शेख समी उर रहमान ने दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी का पदभार संभाला

शेख समी उर रहमान

रायपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) को नया मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (CPRO) मिल गया है। भारतीय रेलवे यातायात सेवा (IRTS) के 2015 बैच के अधिकारी शेख समी उर रहमान ने 13 जुलाई 2026 को मुख्य जनसंपर्क अधिकारी का पदभार ग्रहण किया। उन्होंने यह जिम्मेदारी डॉ. सुस्कर विपुल विलासराव से संभाली, जिनका स्थानांतरण रायपुर रेल मंडल में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक के पद पर किया गया है।

शेख समी उर रहमान इससे पहले पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक के रूप में कार्यरत थे। अपने प्रशासनिक अनुभव के दौरान उन्होंने सहायक परिचालन प्रबंधक (AOM), मंडल परिचालन प्रबंधक (DOM) और वरिष्ठ मंडल सुरक्षा अधिकारी (Sr. DSO) जैसे महत्वपूर्ण पदों पर भी सेवाएं दी हैं।

वाराणसी मंडल में कार्यकाल के दौरान उन्होंने यात्री सुविधाओं के विस्तार, वाणिज्यिक नवाचारों और गैर-किराया राजस्व (Non-Fare Revenue) बढ़ाने के लिए कई प्रभावी पहल कीं। उनके नेतृत्व में मंडल ने अतिरिक्त राजस्व अर्जित किया, जिसके लिए उन्हें वर्ष 2024 में भारतीय रेल के प्रतिष्ठित ‘अति विशिष्ट सेवा पुरस्कार’ से सम्मानित किया गया।

मूल रूप से छत्तीसगढ़ के दुर्ग निवासी शेख समी उर रहमान ने राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (NIT), रायपुर से सूचना प्रौद्योगिकी में बी.टेक. की डिग्री प्राप्त की है। संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सेवा परीक्षा के माध्यम से उनका चयन भारतीय रेलवे यातायात सेवा में हुआ और उन्होंने 14 दिसंबर 2016 से भारतीय रेल में अपनी सेवाएं शुरू कीं। अब दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी के रूप में उनकी नियुक्ति से जनसंपर्क व्यवस्था और यात्री हितों से जुड़े कार्यों को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *