रायपुर,। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से एशियन गेम्स 2026 में कांस्य पदक जीतने वाले एथलीट अनिमेष कुजूर ने शुक्रवार शाम मुख्यमंत्री निवास कार्यालय, रायपुर में सौजन्य मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने अनिमेष को उनकी ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए बधाई दी और उज्ज्वल खेल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि अनिमेष की सफलता पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का विषय है और प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है।
4×100 मीटर मिक्स्ड रिले में जीता कांस्य पदक
जशपुर जिले के कुनकुरी थाना क्षेत्र के ग्राम घुईटांगर निवासी अनिमेष कुजूर ने जापान में आयोजित एशियन गेम्स 2026 की 4×100 मीटर मिक्स्ड रिले स्पर्धा में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए कांस्य पदक हासिल किया। भारतीय टीम ने इस स्पर्धा में 41.06 सेकंड का समय दर्ज किया और राष्ट्रीय रिकॉर्ड में भी सुधार किया।
अनिमेष की इस उपलब्धि ने छत्तीसगढ़ की खेल प्रतिभा को अंतरराष्ट्रीय मंच पर नई पहचान दिलाई है।
छोटे गांव से अंतरराष्ट्रीय मंच तक का सफर प्रेरणादायक: मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अनिमेष से उनके प्रदर्शन, प्रशिक्षण और खेल यात्रा के संबंध में चर्चा की। उन्होंने कहा कि जशपुर की माटी के बेटे ने अपनी प्रतिभा, कड़ी मेहनत और दृढ़ संकल्प से पूरे प्रदेश को गौरवान्वित किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छोटे से गांव से निकलकर अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर देश का प्रतिनिधित्व करना साबित करता है कि उचित अवसर, प्रशिक्षण और प्रोत्साहन मिलने पर ग्रामीण क्षेत्रों के युवा भी विश्व स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं। अनिमेष की सफलता उन युवाओं के लिए प्रेरणा है, जो खेलों में अपना करियर बनाना चाहते हैं।
ग्रामीण और जनजातीय क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को मिलेगा प्रोत्साहन
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। बस्तर से सरगुजा और जशपुर तक ग्रामीण एवं जनजातीय अंचलों में अनेक प्रतिभाशाली खिलाड़ी मौजूद हैं। राज्य सरकार का प्रयास है कि इन प्रतिभाओं की शुरुआती स्तर पर पहचान कर उन्हें आधुनिक प्रशिक्षण, बेहतर खेल अधोसंरचना और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के अनुरूप सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खेलों के विकास को युवाओं के सर्वांगीण विकास से जोड़कर आगे बढ़ा रही है। खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक सुविधाएं और प्रतियोगिताओं में आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।
छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध राज्य सरकार
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का संकल्प है कि छत्तीसगढ़ के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अधिक से अधिक पदक जीतकर प्रदेश और देश का गौरव बढ़ाएं। अनिमेष जैसे खिलाड़ियों की उपलब्धियां प्रदेश में विकसित हो रही नई खेल संस्कृति को मजबूत करती हैं और नई पीढ़ी को अनुशासन, परिश्रम तथा दृढ़ संकल्प के साथ अपने लक्ष्य हासिल करने की प्रेरणा देती हैं।
मुलाकात के दौरान अनिमेष कुजूर ने मुख्यमंत्री के साथ अपने खेल अनुभव साझा किए। मुख्यमंत्री ने उन्हें आगामी प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं देते हुए भविष्य में भी देश के लिए पदक जीतने की कामना की।
इस अवसर पर अनिमेष कुजूर के पिता अमृत कुजूर, माता रीना कुजूर, एथलेटिक्स एसोसिएशन के पदाधिकारी तथा खेल विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।

