जांजगीर-चांपा में व्यवसायी को घर में घुसकर गोली मारने की घटना चिंता का विषयः दीपक बैज

छत्तीसगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने बयान जारी किया

रायपुर। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि जांजगीर-चांपा के जैजेपुर में एक व्यवसायी के घर में घुस कर गोली मारे जाने की घटना बेहद ही चिंता का विषय है। यह घटना राज्य की बिगड़ चुकी कानून व्यवस्था का एक और उदाहरण है। जांजगीर-चांपा में व्यवसायी के घर में आपराधियों ने उनके बड़े बेटे की गोली मार कर हत्या कर दिया, छोटा बेटा घायल है। अब आदमी अपने घर में भी सुरक्षित नहीं है। अपराधी बेखौफ और बेलगाम हो चुके कि उनमें कानून का जरा भी भय नहीं बचा है। जांजगीर की घटना के पहले प्रदेश में गैंगवार की अनेकों घटनाएं पिछले ढाई साल में हुई है। राजधानी में पांच बार गोलियां चलाई गयी, रायपुर सेंट्रल जेल के सामने गोलियां चलाई गई, झारखंड के गैंगस्टर रायपुर में गोली बारी कर चुके है, बिलासपुर के मस्तुरी में व्यवसायी के ऊपर गोलियां चलाई गयी। अब तो घर में घुस कर गोली मारी जा रही है। अपराधी घर में घुस कर गोली मार रहे, गृह मंत्री पॉलिटिकल टूरिज्म पर है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि साय सरकार में छत्तीसगढ़ अपराध का गढ़ बन गया है। लूट, हत्या, चोरी, डकैती, बलात्कार की घटनाओं के आंकड़े बताते है कि राज्य की कानून व्यवस्था बदतर हो चुकी है। हर घटना के बाद सरकार और पुलिस का एक रटा रटाया बयान आता है कि दोषी बख्शे नहीं जायेंगे, सख्त कार्यवाही की जायेगी, लेकिन घटना की पुनरावृत्ति नहीं होगी इसके लिए कोई ठोस कार्ययोजना न सरकार के तरफ से आती है और न पुलिस की तरफ से आता है। प्रदेश में हर दिन 8 बलात्कार और हर दूसरे दिन 3 सामूहिक दुराचार की घटनाएं हो रही है। राजधानी चाकूपुर बन गया है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि राज्य की कानून व्यवस्था सरकार की लापरवाही, मुख्यमंत्री और गृह मंत्री की अक्षमता के कारण बिगड़ी है। केवल राजधानी नहीं प्रदेश के सभी जिलों में लूट, हत्या, बलात्कार, डकैती, चाकूबाजी की घटनाएं बढ़ गयी है। राजधानी में सरकार बिगड़ती कानून व्यवस्था के नाम पर कमिश्नरी प्रणाली लागू किया गया। कमिश्नरी प्रणाली लागू होने के बाद भी राजधानी की कानून व्यवस्था में कोई सुधार नहीं हुआ। लूट, चाकूबाजी, हत्या के आंकड़े वैसे के वैसे है। रायपुर में आज भी अपराधी बेखौफ है और आम नागरिक खौफजदा है। राजधानी की सड़क पर कब कौन नशे में, किसको चाकू मार दे पता नहीं?

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि प्रदेश की बिगड़ चुकी कानून व्यवस्था की जवाबदेही कौन लेगा? मुख्यमंत्री को सरकार से मतलब नहीं, गृह मंत्री दूसरे प्रदेशों में चुनाव प्रचार और रील बनाने में जुटे रहते है, राज्य का आम नागरिक बढ़ते अपराधों के खौफ में जी रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *