रायपुर। छत्तीसगढ़ के जनसंपर्क आयुक्त रजत बंसल ने नवा रायपुर स्थित संवाद कार्यालय में आयोजित बैठक में जनसंपर्क अधिकारियों को न्यू एज मीडिया में दक्ष बनने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि बदलते समय के साथ तकनीक और आधुनिक संचार माध्यमों को अपनाना प्रभावी जनसंपर्क की मूल आवश्यकता है।
जनसंपर्क कार्य में गंभीरता जरूरी
आयुक्त ने स्पष्ट किया कि जनसंपर्क का कार्य अत्यंत जिम्मेदारीपूर्ण है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि अधिकारी शासन और जनता के बीच महत्वपूर्ण सेतु होते हैं, इसलिए उनकी भूमिका और जवाबदेही बढ़ जाती है। हर अधिकारी का मूल्यांकन उनके कार्य के परिणाम के आधार पर किया जाएगा।
समन्वय बढ़ाने के निर्देश
बैठक में मंत्रियों, विभागीय सचिवों, विभागाध्यक्षों और कलेक्टरों के साथ नियमित समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए। इससे सूचनाओं का त्वरित और प्रभावी आदान-प्रदान सुनिश्चित होगा।
सुशासन तिहार के लिए व्यापक प्रचार रणनीति
आगामी 1 मई से शुरू हो रहे ‘सुशासन तिहार’ के प्रचार-प्रसार की समीक्षा करते हुए आयुक्त ने प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के अधिकतम उपयोग पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को हर वर्ग तक पहुंचाना प्राथमिकता होनी चाहिए।
हितग्राहियों के अनुभवों पर जोर
अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि योजनाओं से लाभान्वित लोगों के वास्तविक अनुभवों को वीडियो और समाचारों के माध्यम से साझा किया जाए, ताकि अन्य लोग भी प्रेरित हो सकें।
लापरवाही पर सख्त कार्रवाई
प्रचार-प्रसार कार्य में लापरवाही बरतने पर तीन जिलों के जनसंपर्क अधिकारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए। आयुक्त ने सभी अधिकारियों को सक्रिय और जिम्मेदार तरीके से कार्य करने के लिए कहा।
बैठक में अपर संचालक उमेश मिश्रा, संजीव तिवारी, आलोक देव और श्रीमती हर्षा पौराणिक सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

