पश्चिम बंगाल में प्रचंड बहुमत से भाजपा की सरकार बनाने वाली हैः अमित शाह

amit shah at kolkata

कोलकाता।केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने पश्चिम बंगाल के कोलकाता में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए विधानसभा चुनाव 2026 के पहले चरण में हुए रिकॉर्ड मतदान के लिए राज्य की जनता का आभार व्यक्त किया।

श्री शाह ने कहा कि बंगाल की जनता ने सारे रिकॉर्ड तोड़ते हुए बदलाव के लिए वोट किया है और पहले चरण में भारतीय जनता पार्टी 152 सीटों में से 110 से अधिक सीटें जीतने जा रही है। साथ ही दूसरे चुनाव चरण को मिलाकर प्रचंड बहुमत के साथ बंगाल में पूर्ण रूप से भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने जा रही है। 

‘भय से भरोसे’ की ओर बढ़ रहा बंगाल

अमित शाह ने कहा कि पहले चरण में अभूतपूर्व उत्साह के साथ मतदान हुआ है, जो लोकतंत्र में जनता के विश्वास को दर्शाता है। उन्होंने इसे ‘भय से भरोसे’ की यात्रा की शुरुआत बताते हुए कहा कि आने वाले चरणों में यह रुझान और मजबूत होगा। श्री शाह ने कहा कि कल बंगाल विधानसभा 2026 चुनाव के प्रथम चरण में मतदान के दौरान बंगाल की जनता ने सारे रिकॉर्ड तोड़ते हुए अभूतपूर्व उत्साह और जोश के साथ परिवर्तन के लिए वोट किया है। मतदान का जो प्रतिशत सामने आया है, वह देश के लोकतंत्र में भरोसा करने वाले लोगों का उत्साह बढ़ाने वाला है। बंगाल के मतदाताओं ने ‘भय से भरोसे’ की यात्रा को बहुत अच्छे तरीके से शुरू किया है और दूसरे चरण के मतदाता भी इस यात्रा को आगे बढ़ाएंगे। चुनाव आयोग, सीएपीएफ, चुनाव आयोग के सहयोग में लगे पूरे तंत्र और बंगाल पुलिस को भी हृदयपूर्वक बहुत-बहुत अभिनन्दन कि बंगाल में बहुत लंबे समय बाद ऐसा चुनाव हुआ है जिसमें एक भी मृत्यु नहीं हुई है, जो अपने आप में अभूतपूर्व है।

92.98% मतदान को बताया बदलाव का संकेत

शाह ने कहा कि 16 जिलों की 152 सीटों पर लगभग 92.98% मतदान इस बात का संकेत है कि राज्य की जनता बदलाव चाहती है। उन्होंने दावा किया कि जनता ने पहले चरण में ही अपना निर्णय दे दिया है।

उन्होंने रवीन्द्रनाथ टैगोर, सुभाष चंद्र बोस और खुदीराम बोस की धरती को विकास के पक्ष में मतदान करने वाला बताया।

हिंसा में कमी का दावा

गृह मंत्री ने पिछले चुनावों का हवाला देते हुए कहा कि 2016, 2021, 2023 और 2024 के चुनावों में बड़ी संख्या में लोग घायल हुए थे, जबकि इस बार 30 से भी कम लोग घायल हुए और कोई मौत नहीं हुई। इसे उन्होंने शांतिपूर्ण चुनाव का संकेत बताया।

भाजपा को जनसमर्थन मिलने का दावा

अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैलियों और रोड शो में मिले जनसमर्थन का असर मतदान में भी दिखाई दिया है। उन्होंने कहा कि पहले यह आशंका थी कि समर्थन मतदान केंद्र तक पहुंचेगा या नहीं, लेकिन अब यह स्पष्ट हो गया है।

दूसरे चरण के मतदाताओं से अपील

शाह ने दूसरे चरण के मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि वे इस बदलाव की प्रक्रिया को आगे बढ़ाएं। उन्होंने विश्वास जताया कि चुनाव के बाद बंगाल सहित पूर्वी भारत में भाजपा का शासन स्थापित होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *