रायपुर. छत्तीसगढ़ राज्य हज कमेटी द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने हज यात्रियों को फर्स्ट ऐड किट सौंपे और उनकी सुखद एवं सुरक्षित यात्रा की कामना की। यह कार्यक्रम रायपुर के मेडिकल कॉलेज स्थित अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में आयोजित किया गया, जिसमें प्रदेश के 815 हज यात्रियों को यह किट वितरित की गई।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने इस अवसर पर कहा कि यह उनके लिए सौभाग्य की बात है कि वे रायगढ़ सांसद रहते हुए भी हज यात्रियों के स्वागत का हिस्सा रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस वर्ष राज्य से 815 हज यात्री यात्रा पर जा रहे हैं और पहली बार स्वास्थ्य विभाग द्वारा यात्रियों को विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया गया है। इसके साथ ही, मेडिकल किट भी उपलब्ध कराई गई है, ताकि यात्रियों को यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य समस्या से बचाव हो सके।
मुख्यमंत्री ने यात्रियों से देश और प्रदेश की समृद्धि के लिए दुआ करने का आग्रह किया और उनकी यात्रा की सफलता की कामना की।
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने अपने संबोधन में हज यात्रियों को शुभकामनाएं दीं और कहा कि यह खुशी की बात है कि छत्तीसगढ़ के अधिक लोग अब हज यात्रा का पवित्र अवसर प्राप्त कर रहे हैं। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से अब हज यात्रा के लिए लंबी प्रतीक्षा नहीं करनी पड़ती और अधिक लोगों को यह अवसर मिल रहा है।
कार्यक्रम को छत्तीसगढ़ राज्य हज कमेटी के अध्यक्ष मिर्जा एजाज बेग ने भी संबोधित किया और हज यात्रा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। इस अवसर पर अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष श्री अमरजीत छाबड़ा, दिव्यांगजन वित्त और विकास निगम के अध्यक्ष श्री लोकेश कांवड़िया, वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सलीम राज और हज कमेटी की सीईओ डॉ. खुशबू उस्मान समेत समाज के प्रबुद्धजन और प्रदेश भर से आए हज यात्री भी उपस्थित थे।

