कोलकता/ ऩई दिल्ली। बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के दूसरे चरण में आज 142 सीटों पर मतदान संपन्न हुआ। कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच राज्य की जनता ने 1,448 उम्मीदवारों की किस्मत ईवीएम में कैद कर दी। मतदान के दौरान कुछ इलाकों से टीएमसी और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच झड़पों की खबरें भी सामने आईं।
शाम 5 बजे तक कुल 89.99 फीसदी मतदान दर्ज किया गया। हालांकि, अंतिम आंकड़े चुनाव आयोग द्वारा जारी किए जाने के बाद इसमें थोड़ा बदलाव संभव है। अंतिम घंटे में भी बड़ी संख्या में मतदाता मतदान केंद्रों पर कतार में खड़े नजर आए।
दोपहर 1 बजे तक पहले छह घंटों में 61.11 प्रतिशत मतदान हुआ था, जो पहले चरण (23 अप्रैल) के 62.18 प्रतिशत से थोड़ा कम था। लेकिन जैसे-जैसे दिन आगे बढ़ा, मतदान में तेजी आई और शाम 3 बजे तक यह आंकड़ा बढ़कर 78.68 प्रतिशत तक पहुंच गया।
जिलावार मतदान की बात करें तो पूर्व बर्धमान में सबसे अधिक 66.80 प्रतिशत वोटिंग दर्ज की गई। इसके बाद हुगली में 64.57%, नदिया में 61.41%, हावड़ा में 60.68%, कोलकाता उत्तर में 60.18%, उत्तर 24 परगना में 59.20%, दक्षिण 24 परगना में 58.58% और कोलकाता दक्षिण में 57.73% मतदान हुआ।
सुबह 7 बजे मतदान शुरू हुआ था। इस चरण में 3.12 करोड़ से अधिक मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदाताओं में खासा उत्साह देखने को मिला और बड़ी संख्या में लोगों ने मतदान प्रक्रिया में भाग लिया।

