छत्तीसगढ़ बोर्ड परीक्षा परिणाम जारी, 10वीं में 77.15% और 12वीं में 83.04% छात्र पास

cm sai release cg 10th and 12 board result

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जारी किए 10वीं-12वीं बोर्ड परिणाम, छात्रों को दी शुभकामनाएं

CGBSE result. रायपुर। Vishnu Deo Sai ने आज रायपुर स्थित मंत्रालय महानदी भवन से छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की कक्षा 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं के परिणाम जारी किए। इस अवसर पर उन्होंने परीक्षा में सफल सभी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विद्यार्थियों की सफलता उनके परिश्रम, अनुशासन और समर्पण का परिणाम है। इस वर्ष हाई स्कूल (10वीं) परीक्षा में 77.15 प्रतिशत और हायर सेकेंडरी (12वीं) परीक्षा में 83.04 प्रतिशत विद्यार्थियों ने सफलता प्राप्त की है, जो राज्य की शैक्षणिक प्रगति का सकारात्मक संकेत है। उन्होंने इस उपलब्धि को शिक्षा व्यवस्था, शिक्षकों और अभिभावकों के संयुक्त प्रयास का परिणाम बताया।

मुख्यमंत्री ने बेटियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन पर विशेष खुशी जताई। उन्होंने कहा कि प्रदेश की छात्राएं लगातार शिक्षा के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित कर रही हैं, जो उनके आत्मविश्वास और मेहनत का प्रमाण है। यह समाज में शिक्षा के प्रति बढ़ती जागरूकता और सकारात्मक बदलाव को भी दर्शाता है।

उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि दूरस्थ और वनांचल क्षेत्रों के विद्यार्थियों ने प्रावीण्य सूची में स्थान बनाकर यह साबित कर दिया है कि प्रतिभा संसाधनों की कमी से प्रभावित नहीं होती। सीमित संसाधनों के बावजूद इन विद्यार्थियों ने अपने संकल्प और मेहनत से उल्लेखनीय सफलता हासिल की है।

उन्होंने यह भी कहा कि विद्यार्थी अपने परिवार, समाज और प्रदेश का गौरव हैं और उनकी उपलब्धियां आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करेंगी।

मुख्यमंत्री ने उन विद्यार्थियों को भी संदेश दिया, जिन्हें अपेक्षित सफलता नहीं मिल सकी। उन्होंने कहा कि निराश होने की जरूरत नहीं है, बल्कि आत्मविश्वास बनाए रखते हुए निरंतर प्रयास करते रहना चाहिए। निरंतर प्रयास से सफलता अवश्य मिलती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *