रायपुर पश्चिम में विकास कार्यों की गुणवत्ता पर सख्त हुए विधायक राजेश मूणत, अधिकारियों को दी कड़ी चेतावनी

RAJESH MUNAT MLA RAIPUR WEST, CG

रायपुर। रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए विधायक राजेश मूणत ने शनिवार को विभिन्न निर्माण स्थलों का करीब तीन घंटे तक सघन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जनता के टैक्स के पैसों से बन रहे निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

सरोना अस्पताल में मिली खामियों पर अधिकारियों को फटकार

निरीक्षण की शुरुआत सरोना क्षेत्र में 16 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन 100 बेड अस्पताल से हुई। विधायक मूणत ने यहां चल रहे फाउंडेशन और फूटिंग कार्यों का निरीक्षण किया। गुणवत्ता मानकों में कमी मिलने पर उन्होंने CGMSC के कार्यपालन अभियंता, सहायक अभियंता और उप अभियंता को कड़ी फटकार लगाई।

उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि निर्माण कार्यों में तकनीकी मानकों और क्योरिंग प्रक्रिया की अनदेखी की गई तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

महिला योग भवन और महतारी सदन के कार्यों की सराहना

इसके बाद विधायक मूणत विप्र नगर पहुंचे, जहां 40 लाख रुपये की लागत से बन रहे महिला योग भवन और एक करोड़ रुपये की लागत वाले महतारी सदन का निरीक्षण किया। यहां निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति संतोषजनक पाए जाने पर उन्होंने नगर निगम अधिकारियों की सराहना की।

उन्होंने कहा कि महिलाओं के स्वास्थ्य और सशक्तिकरण से जुड़े इन प्रोजेक्ट्स को तय समय सीमा में पूरा किया जाना चाहिए।

नालंदा लाइब्रेरी पार्ट-2 में लापरवाही पर जताई नाराजगी

शासकीय विज्ञान महाविद्यालय के समीप 21 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे नालंदा लाइब्रेरी पार्ट-2 के निरीक्षण के दौरान विधायक मूणत ने निर्माण एजेंसी की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि यदि गुणवत्तापूर्ण निर्माण करने की क्षमता नहीं है तो कार्य छोड़ दें। मूणत ने दो टूक कहा कि सार्वजनिक परियोजनाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही या जानकारी छिपाने की कोशिश स्वीकार नहीं की जाएगी।

कोटा कॉलेज भवन जल्द पूरा करने के निर्देश

निरीक्षण के अंतिम चरण में विधायक मूणत ने कोटा स्थित शासकीय महाविद्यालय गुढ़ियारी का दौरा किया। यहां लोक निर्माण विभाग द्वारा किए जा रहे निर्माण कार्यों की प्रगति पर उन्होंने संतोष जताया।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कॉलेज भवन का निर्माण शीघ्र पूरा कर विद्यार्थियों को समर्पित किया जाए। साथ ही मानसून से पहले पहुंच मार्ग का कार्य भी पूरा करने को कहा।

“घोषणाओं नहीं, धरातल पर काम में विश्वास”

निरीक्षण के दौरान विधायक राजेश मूणत ने कहा कि उनकी राजनीति केवल घोषणाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि वे धरातल पर दिखाई देने वाले विकास में विश्वास रखते हैं। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं और अधिकारियों के साथ लगातार समन्वय कर रायपुर पश्चिम को विकास के नए मॉडल के रूप में विकसित किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *