गुरुजी डोमन लाल कोर्सेवाड़ा की स्मृति में अहिवारा कॉलेज का होगा नामकरण, मुख्यमंत्री साय ने की घोषणा

मुख्यमंत्री ने दिवंगत विधायक को दी भावभीनी श्रद्धांजलि, कहा- समाज के अंतिम व्यक्ति के उत्थान के लिए समर्पित रहा उनका जीवन

रायपुर, 05 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने अहिवारा के दिवंगत विधायक स्वर्गीय डोमन लाल कोर्सेवाड़ा को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए अहिवारा स्थित शासकीय महाविद्यालय का नामकरण उनके नाम पर करने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वर्गीय कोर्सेवाड़ा का सरल व्यक्तित्व, जनसेवा के प्रति समर्पण और सामाजिक योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।

मुख्यमंत्री श्री साय आज दुर्ग जिले के भिलाई-3 स्थित स्वामी आत्मानंद शासकीय विद्यालय में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में शामिल हुए। उन्होंने स्वर्गीय डोमन लाल कोर्सेवाड़ा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वर्गीय कोर्सेवाड़ा का निधन छत्तीसगढ़ के राजनीतिक और सामाजिक जीवन के लिए अपूरणीय क्षति है। वे सरल, सहज, मृदुभाषी और मिलनसार जनप्रतिनिधि थे। उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन समाज सेवा और वंचित वर्गों के उत्थान के लिए समर्पित कर दिया। विशेष रूप से अनुसूचित जाति समाज के विकास, सामाजिक सशक्तीकरण और क्षेत्र की प्रगति में उनका योगदान हमेशा याद किया जाएगा।

‘गुरुजी’ के नाम से लोगों के दिलों में बनाई जगह

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वर्गीय कोर्सेवाड़ा को लोग आत्मीयता से ‘गुरुजी’ कहकर संबोधित करते थे। यह संबोधन उनके प्रति समाज के सम्मान और विश्वास का प्रतीक था। उन्होंने अपने सरल व्यवहार और जनसेवा के कार्यों से लोगों के दिलों में विशेष स्थान बनाया था। समाज के हर वर्ग को साथ लेकर चलने की उनकी भावना और जनसेवा के प्रति निष्ठा आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनी रहेगी।

मुख्यमंत्री ने साझा किए आत्मीय संस्मरण

मुख्यमंत्री श्री साय ने स्वर्गीय कोर्सेवाड़ा के साथ जुड़े आत्मीय प्रसंगों को याद करते हुए बताया कि जब वे उपचार के लिए हैदराबाद में भर्ती थे, तब उन्होंने स्वयं फोन कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली थी। साथ ही स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल को भी हैदराबाद जाकर उनका हालचाल जानने के निर्देश दिए थे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हम सभी को उनके स्वस्थ होकर लौटने की उम्मीद थी, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। उनका निधन हम सभी के लिए अत्यंत पीड़ादायक है।

महाविद्यालय का नामकरण होगा गुरुजी के नाम पर

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वर्गीय कोर्सेवाड़ा ने जनप्रतिनिधि के रूप में हमेशा क्षेत्र के विकास और आम जनता की समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता दी। उनकी स्मृतियों और जनसेवा की विरासत को चिरस्थायी बनाने के लिए अहिवारा के शासकीय महाविद्यालय का नाम उनके नाम पर रखा जाएगा। यह उनके प्रति प्रदेश सरकार और क्षेत्र की जनता की ओर से सम्मानपूर्ण श्रद्धांजलि होगी।

श्रद्धांजलि सभा में स्कूल शिक्षा मंत्री श्री गजेन्द्र यादव, कौशल विकास मंत्री श्री गुरु खुशवंत साहेब, रायपुर सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल और जगदलपुर विधायक श्री किरण देव सहित अनेक जनप्रतिनिधियों ने भी स्वर्गीय कोर्सेवाड़ा के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस अवसर पर दुर्ग ग्रामीण विधायक श्री ललित चन्द्राकर, जनपद पंचायत पाटन की अध्यक्ष श्रीमती कीर्ति नायक, कलेक्टर श्री अभिजीत सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री विजय अग्रवाल सहित विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे। सभी ने गुरुजी के योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *