आगामी बजट में शामिल होने वाले महत्वपूर्ण निर्माण कार्यों की पहले से करें तैयारी, परियोजनाओं की लागत का स्पष्ट आकलन करने पर जोर
रायपुर, 05 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ में सड़क और बुनियादी ढांचे से जुड़ी प्रमुख विकास परियोजनाओं को गति देने के लिए राज्य सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्य सचिव श्री विकासशील की अध्यक्षता में मंत्रालय महानदी भवन में परियोजना निर्माण एवं क्रियान्वयन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रदेश के विभिन्न जिलों में प्रस्तावित निर्माण कार्यों और अधोसंरचना परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। साथ ही आगामी बजट में शामिल किए जाने वाले महत्वपूर्ण कार्यों की रूपरेखा पर भी चर्चा हुई।
मुख्य सचिव श्री विकासशील ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रस्तावित निर्माण कार्यों की लागत के तुलनात्मक विश्लेषण में पूरी पारदर्शिता और स्पष्टता रखी जाए। प्रत्येक परियोजना की लागत का वास्तविक आकलन सुनिश्चित किया जाए, ताकि निर्माण कार्यों के लिए आवश्यक बजट का सही निर्धारण हो सके।
उन्होंने कहा कि आगामी बजट में शामिल किए जाने वाले महत्वपूर्ण विकास कार्यों की पहचान समय रहते कर ली जाए। इसके लिए संबंधित विभाग प्रशासनिक और तकनीकी तैयारियां पहले से पूरी करें, जिससे स्वीकृति मिलने के बाद परियोजनाओं के क्रियान्वयन में अनावश्यक विलंब न हो।
सड़क और रेलवे ओवरब्रिज परियोजनाओं की समीक्षा
बैठक में विभिन्न जिलों की महत्वपूर्ण सड़क एवं अधोसंरचना परियोजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। कांकेर जिले में भानुप्रतापपुर-कांकेर-पखांजूर मार्ग पर पुल-पुलिया सहित सड़क निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा की गई।
वहीं बिलासपुर क्षेत्र में बिलासपुर-कटनी रेल मार्ग पर रेलवे ओवरब्रिज (ROB) निर्माण तथा बिलासपुर जिले में फ्लाईओवर ब्रिज निर्माण की योजनाओं पर चर्चा हुई। इन परियोजनाओं के माध्यम से सड़क यातायात को सुगम बनाने और आवागमन की सुविधाओं में सुधार के प्रयास किए जा रहे हैं।
कई प्रमुख मार्गों के उन्नयन और चौड़ीकरण की योजना
बैठक में नगरी-कांकेर-भानुप्रतापपुर-मानपुर-राजनांदगांव-कवर्धा-फास्टरपुर-कुंडा मार्ग तथा कुम्हारी-अहिवारा-धमधा-गंडई-साल्हेवारा मार्ग के उन्नयन एवं चौड़ीकरण कार्यों पर भी विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के अपर मुख्य सचिव श्री मनोज कुमार पिंगुआ, वित्त विभाग के सचिव डॉ. रोहित यादव, लोक निर्माण विभाग के सचिव श्री मुकेश कुमार, जल संसाधन विभाग के सचिव श्री राजेश कुमार टोप्पो, योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग के सचिव श्री भुवनेश यादव, ऊर्जा विभाग के सचिव श्री सारांश मित्तर सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

