कोलकाता। पश्चिम बंगाल की राजनीति में ऐतिहासिक बदलाव के बीच भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी ने शनिवार को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। उन्होंने बांग्ला भाषा में पद एवं गोपनीयता की शपथ ग्रहण की। शपथ लेने के बाद उन्होंने मंच पर मौजूद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लिया।
कोलकाता में आयोजित भव्य शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री मौजूद रहे। प्रधानमंत्री मोदी ने मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी और पश्चिम बंगाल मंत्रिमंडल के सदस्यों को बधाई देते हुए नई सरकार के सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।
इन नेताओं ने मंत्री पद की ली शपथ
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के साथ पांच नेताओं ने कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ ली। इनमें भाजपा के वरिष्ठ नेता दिलीप घोष, भाजपा विधायक अग्निमित्रा पॉल, अशोक कीर्तनिया, क्षुदिराम टुडू और निशिथ प्रमाणिक शामिल हैं।
दूसरे नंबर पर दिलीप घोष ने मंत्री पद की शपथ ली। वे भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और सांसद रह चुके हैं तथा संगठन में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल चुके हैं।
भाजपा की प्रमुख महिला नेता अग्निमित्रा पॉल ने भी मंत्री पद की शपथ ली। वे लगातार दूसरी बार विधानसभा चुनाव जीतकर आई हैं और पार्टी की मुखर महिला चेहरों में शामिल हैं।
बनगांव से चुनाव जीतने वाले अशोक कीर्तनिया को भी कैबिनेट में जगह मिली है। वहीं पेशे से शिक्षक रहे क्षुदिराम टुडू ने संथाली भाषा में शपथ लेकर समारोह को विशेष पहचान दी। वे भाजपा के आदिवासी चेहरे के रूप में उभरे हैं और पहली बार रानीबांध सीट से विधायक बने हैं। पूर्व केंद्रीय मंत्री निशिथ प्रमाणिक ने भी मंत्री पद की शपथ ली। वे समारोह में शपथ लेने वाले अंतिम मंत्री रहे।
बंगाल में भाजपा सरकार का नया अध्याय
पश्चिम बंगाल में भाजपा की पहली सरकार बनने के साथ ही राज्य की राजनीति में नए दौर की शुरुआत मानी जा रही है। भाजपा नेतृत्व ने इसे “सोनार बांग्ला” के विजन की दिशा में बड़ा कदम बताया है।

