कोलकाता। पश्चिम बंगाल में भाजपा के पहले मुख्यमंत्री बने शुभेंदु अधिकारी के शपथ ग्रहण समारोह में एक भावुक और ऐतिहासिक पल देखने को मिला, जब जनसंघ संस्थापक डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी के अंतिम साथी माखनलाल सरकार समारोह में शामिल हुए। समारोह के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनके पैर छूकर आशीर्वाद लिया।
पश्चिम बंगाल भाजपा अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य ने बताया कि माखनलाल सरकार लंबे समय तक राष्ट्रवादी विचारधारा से जुड़े रहे हैं और डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी के करीबी सहयोगियों में शामिल थे।
राष्ट्रभक्ति गीत गाने पर हुई थी गिरफ्तारी
शमिक भट्टाचार्य के अनुसार, कांग्रेस शासनकाल में माखनलाल सरकार को केवल राष्ट्रभक्ति गीत गाने की वजह से गिरफ्तार कर लिया गया था। अदालत में उनसे कहा गया कि यदि वे माफी मांग लें तो उन्हें रिहा कर दिया जाएगा।
हालांकि माखनलाल सरकार ने माफी मांगने से साफ इनकार कर दिया। उन्होंने अदालत में कहा कि उन्होंने कोई अपराध नहीं किया है, बल्कि केवल एक देशभक्ति गीत गाया है।
बताया जाता है कि जज ने उनसे वही गीत अदालत में गाने को कहा। जब उन्होंने गीत प्रस्तुत किया तो अदालत भावुक हो गई और जज ने पुलिस को निर्देश दिया कि उन्हें सम्मानपूर्वक उनके घर पहुंचाया जाए। इसके साथ ही उनके लिए ट्रेन का फर्स्ट क्लास टिकट और 100 रुपये देने का भी आदेश दिया गया।
शपथ समारोह में दिखा सम्मान का विशेष क्षण
शुभेंदु अधिकारी के शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा माखनलाल सरकार के पैर छूकर आशीर्वाद लेने का दृश्य चर्चा का विषय बन गया। भाजपा नेताओं ने इसे राष्ट्रवादी विचारधारा और पुराने कार्यकर्ताओं के सम्मान का प्रतीक बताया।
पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार बनने के बाद यह शपथ समारोह राजनीतिक और वैचारिक दृष्टि से भी ऐतिहासिक माना जा रहा है।

