रायपुर। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मंगलवार को रायगढ़ जिले के ग्राम कोसमनारा स्थित प्रसिद्ध श्री श्री 108 श्री सत्यनारायण बाबा धाम पहुंचे। यहां उन्होंने भगवान भोलेनाथ की विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली और मंगलमय जीवन की कामना की। इस अवसर पर प्रदेश के वित्त मंत्री ओपी चौधरी भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेशवासियों को गुरु पूर्णिमा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व गुरुजनों के प्रति श्रद्धा और कृतज्ञता व्यक्त करने का पावन अवसर है। उन्होंने कहा कि गुरु का मार्गदर्शन व्यक्ति के जीवन को सही दिशा देने के साथ आत्मबल और सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कोसमनारा स्थित सत्यनारायण बाबा धाम प्रदेश के प्रमुख आस्था केंद्रों में से एक है। यहां की आध्यात्मिक ऊर्जा श्रद्धालुओं को मानसिक शांति और आत्मिक शक्ति प्रदान करती है। गुरु पूर्णिमा के दिन इस पवित्र धाम में पूजा-अर्चना करना उनके लिए सौभाग्य की बात है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार गुरुजनों के आशीर्वाद और जनता के विश्वास के साथ जनकल्याण एवं विकास के कार्यों को निरंतर आगे बढ़ा रही है। सरकार का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और छत्तीसगढ़ निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर रहे।
इस अवसर पर नगर निगम महापौर जीवर्धन चौहान, प्रशासनिक अधिकारी तथा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं श्रद्धालु भी उपस्थित रहे।

