अदाणी एंटरप्राइजेज का रिकॉर्ड प्रदर्शन, पहली तिमाही में EBITDA 49% बढ़कर 5,642 करोड़

adani

अहमदाबाद। अदाणी एंटरप्राइजेज लिमिटेड (AEL) ने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में अब तक का सर्वाधिक 5,642 करोड़ रुपए का EBITDA दर्ज किया है। कंपनी का EBITDA सालाना आधार पर 49 प्रतिशत बढ़ा, जबकि कुल आय 50 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 33,546 करोड़ रुपए पर पहुंच गई।

कंपनी के अनुसार, जून तिमाही में कर-पूर्व लाभ (PBT) 1,295 करोड़ रुपए रहा। इसमें 2,644 करोड़ रुपए के OFAC सेटलमेंट को शामिल नहीं किया गया है। बेहतर प्रदर्शन में अदाणी एयरपोर्ट्स की अहम भूमिका रही, जहां EBITDA 49 प्रतिशत बढ़कर 1,633 करोड़ रुपए हो गया।

अदाणी समूह के चेयरमैन गौतम अदाणी ने कहा कि कंपनी ने वित्त वर्ष 2027 की शानदार शुरुआत की है और इंफ्रास्ट्रक्चर तथा इनक्यूबेशन प्लेटफॉर्म के मजबूत प्रदर्शन ने रिकॉर्ड नतीजों में योगदान दिया है। उन्होंने बताया कि नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर अंतरराष्ट्रीय परिचालन की शुरुआत, गंगा एक्सप्रेसवे पर टोल संग्रह, सोलर मॉड्यूल उत्पादन क्षमता का विस्तार और नए हाइपरस्केल डेटा सेंटर ऑर्डर कंपनी की विकास यात्रा के महत्वपूर्ण पड़ाव हैं।

कंपनी ने 15,000 करोड़ रुपए के सफल क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल प्लेसमेंट (QIP) को भी संस्थागत निवेशकों के मजबूत भरोसे का संकेत बताया। इस दौरान कॉपर कारोबार ने 749 करोड़ रुपए का EBITDA जोड़ा, जबकि अदाणी न्यू इंडस्ट्रीज ने 1.7 गीगावॉट की नई सोलर मॉड्यूल उत्पादन लाइन शुरू की।

कंपनी का कहना है कि मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर प्लेटफॉर्म तैयार होने के बाद अब उसका फोकस परिसंपत्तियों के बेहतर उपयोग और परिचालन दक्षता के जरिए शेयरधारकों के लिए दीर्घकालिक मूल्य सृजन पर रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *