‘मन की बात’ में पीएम मोदी का संदेश: एथलेटिक्स उपलब्धियों से लेकर खगोल विज्ञान तक, युवाओं को दिया प्रेरणा मंत्र

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ में देशवासियों को संबोधित करते हुए एक बार फिर प्रेरणा, उपलब्धियों और जागरूकता से जुड़ी कई महत्वपूर्ण बातें साझा कीं।
कार्यक्रम की शुरुआत उन्होंने एथलेटिक्स में भारत की हालिया उपलब्धियों से की। प्रधानमंत्री ने बताया कि झारखंड के रांची में आयोजित नेशनल सीनियर एथलेटिक्स फेडरेशन प्रतियोगिता में देशभर के करीब 800 एथलीट्स ने हिस्सा लिया। इस दौरान चार अलग-अलग स्पर्धाओं में राष्ट्रीय रिकॉर्ड टूटे। गुरिंदरवीर सिंह, विशाल टीके, तेजस्विन शंकर, देव मीणा और कुलदीप कुमार जैसे खिलाड़ियों ने नए कीर्तिमान स्थापित किए। प्रधानमंत्री ने सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए इसे देश के लिए गर्व का क्षण बताया।
प्रधानमंत्री मोदी ने देशभर में पड़ रही भीषण गर्मी को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने लोगों से अपील की कि तेज धूप और लू से बचने के लिए सावधानी बरतें, पर्याप्त पानी पीते रहें और सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
अपने संबोधन में उन्होंने हाल ही में नीदरलैंड की यात्रा का भी जिक्र किया। पीएम मोदी ने बताया कि इस यात्रा के दौरान एक ऐतिहासिक क्षण देखने को मिला, जब चोल काल की प्राचीन ताम्र पट्टिकाएं भारत को वापस सौंपी गईं। इस उपलब्धि पर देश-विदेश से लोगों ने खुशी और गर्व व्यक्त किया है, खासतौर पर तमिल समुदाय में इसे लेकर विशेष उत्साह देखा गया।
प्रधानमंत्री ने आगे भारत की समृद्ध खगोल विज्ञान परंपरा का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि देश में सदियों पुरानी वेधशालाएं मौजूद हैं और खगोल विज्ञान ने हमेशा लोगों में जिज्ञासा और खोज की भावना जगाई है। आज के दौर में भी युवाओं के बीच astronomy को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है।
उन्होंने बताया कि देशभर में astronomy क्लब तेजी से लोकप्रिय हो रहे हैं। बेंगलुरु एस्ट्रोनॉमिकल सोसाइटी जैसे संगठन observational sessions आयोजित कर रहे हैं और ग्रामीण क्षेत्रों में भी खगोल विज्ञान को लोकप्रिय बनाने का मिशन चला रहे हैं। ‘खगोल मंडल’ जैसी पहल के तहत 30 घंटे का इनोवेटिव कोर्स भी शुरू किया गया है, जो युवाओं को विज्ञान से जोड़ने का काम कर रहा है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि देश के लोग समाज और राष्ट्रहित में लगातार प्रेरणादायक कार्य कर रहे हैं, जो नई पीढ़ी को आगे बढ़ने की दिशा दिखाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *