रायपुर, 31 मई 2026।
नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम ‘मन की बात’ की 134वीं कड़ी में आज छत्तीसगढ़ की प्रतिभा और सांस्कृतिक विरासत की गूंज सुनाई दी। प्रधानमंत्री द्वारा जशपुर के युवा धावक अनिमेष कुजूर और बिलासपुर के ऐतिहासिक स्थल मल्हार का उल्लेख किए जाने पर विष्णुदेव साय ने इसे पूरे राज्य के लिए गर्व का क्षण बताया।
मुख्यमंत्री साय ने रायपुर स्थित अपने निवास पर जनप्रतिनिधियों और नागरिकों के साथ कार्यक्रम सुना। इसके बाद उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय मंच से राज्य की उपलब्धियों का उल्लेख होना करोड़ों प्रदेशवासियों के सम्मान और पहचान को नई ऊंचाई देता है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कार्यक्रम में युवा धावक अनिमेष कुजूर की ऐतिहासिक उपलब्धि का जिक्र किया, जिन्होंने 100 मीटर दौड़ 10.15 सेकंड में पूरी कर नया रिकॉर्ड बनाया और राष्ट्रमंडल खेल 2026 के लिए क्वालीफाई किया। पीएम ने इसे युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताया। साथ ही उन्होंने गुरिंदरवीर सिंह के साथ प्रतिस्पर्धा का उल्लेख करते हुए कहा कि दो दिनों में तीन बार राष्ट्रीय रिकॉर्ड टूटना भारतीय एथलेटिक्स के लिए सकारात्मक संकेत है।
सीएम साय ने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद अनिमेष की सफलता यह साबित करती है कि प्रतिभा किसी भी परिस्थिति में आगे बढ़ सकती है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और सुविधाएं देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
कार्यक्रम में बिलासपुर जिले के प्राचीन स्थल मल्हार का भी उल्लेख हुआ, जहां हाल ही में 1400-1500 वर्ष पुरानी ताम्र-पट्टिकाएं मिली हैं। ये पट्टिकाएं पांडुवंशी काल की मानी जा रही हैं और उस समय की शासन व्यवस्था, संस्कृति और सामाजिक जीवन की महत्वपूर्ण जानकारी देती हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह खोज छत्तीसगढ़ की समृद्ध ऐतिहासिक विरासत का प्रमाण है और राज्य सरकार इसके संरक्षण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि ‘मन की बात’ जैसे मंच से ऐसी उपलब्धियों का उल्लेख समाज में जागरूकता और गर्व की भावना को मजबूत करता है।
सीएम साय ने कहा कि आज का एपिसोड नए भारत की तस्वीर पेश करता है, जहां एक ओर युवा वैश्विक मंच पर देश का नाम रोशन कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर हमारी सांस्कृतिक धरोहर भी विश्व के सामने आ रही है।
मन की बात में गूंजा छत्तीसगढ़ का गौरव: पीएम मोदी ने बढ़ाया प्रदेश का मान, सीएम विष्णुदेव साय ने जताया आभार
