रापपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गुरुवार को जांजगीर-चांपा जिले के नवगठित बम्हनीडीह नगर पंचायत के शपथ ग्रहण समारोह में क्षेत्र के विकास के लिए तीन महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने दहिदा-बम्हनीडीह के बीच हसदेव नदी पर पुल निर्माण, बिजली विभाग का सब डिवीजन कार्यालय और सर्वसुविधायुक्त मंगल भवन बनाने की घोषणा की।
समारोह में मुख्यमंत्री ने नवनिर्वाचित नगर पंचायत अध्यक्ष रमेश कुमार डडसेना और सभी पार्षदों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्थानीय स्वशासन लोकतंत्र की सबसे मजबूत कड़ी है। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी केवल नगर का विकास करना नहीं, बल्कि पारदर्शी प्रशासन, जनविश्वास और नई कार्यसंस्कृति स्थापित करना भी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पिछले ढाई वर्षों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार, किसानों, महिलाओं और युवाओं के कल्याण के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, महतारी वंदन योजना और रोजगार सृजन जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, सांसद कमलेश जांगड़े, विधायक किरण सिंह देव सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

