मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोठी आश्रम का किया दौरा, कहा- मानवता, सेवा और संवेदना का जीवंत केंद्र है आश्रम

cm sai

रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गुरुवार को जांजगीर-चांपा जिले के सोठी स्थित भारतीय कुष्ठ निवारक संघ आश्रम का दौरा कर वहां संचालित सेवा, स्वास्थ्य और पुनर्वास कार्यों का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने आश्रम के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि यह संस्थान केवल एक आश्रम नहीं, बल्कि मानवता, सेवा, करुणा और संवेदना का जीवंत केंद्र है, जहां वर्षों से जरूरतमंद और उपेक्षित लोगों की सम्मानपूर्वक सेवा की जा रही है।

मुख्यमंत्री ने आश्रम प्रमुख सुधीर देव से संस्था की गतिविधियों, चिकित्सा सुविधाओं और पुनर्वास कार्यक्रमों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि ऐसे सेवा संस्थान समाज में मानवीय मूल्यों को मजबूत करने के साथ “नर सेवा ही नारायण सेवा” की भावना को साकार करते हैं।

दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने आश्रम परिसर स्थित सिद्धि विनायक मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। उन्होंने संस्था के संस्थापक स्वर्गीय सदाशिव गोविंद कात्रे को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा आश्रम के लिए नई एम्बुलेंस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि इससे मरीजों को समय पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने संत गुरु घासीदास चिकित्सालय का निरीक्षण कर ओपीडी, पैथोलॉजी लैब, एक्स-रे कक्ष, आईसीयू और ऑपरेशन थियेटर सहित विभिन्न चिकित्सा सुविधाओं की समीक्षा की। साथ ही धनवंतरी जनकल्याण समिति द्वारा संचालित निःशुल्क कैंसर स्क्रीनिंग वाहन का अवलोकन करते हुए समय पर जांच और उपचार को गंभीर बीमारियों से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम बताया।

इस अवसर पर मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, सांसद कमलेश देवी जांगड़े, विधायक किरण सिंह देव, खनिज विकास निगम के अध्यक्ष सौरभ सिंह, हथकरघा विकास एवं विपणन सहकारी संघ के अध्यक्ष भोजराज देवांगन सहित अनेक जनप्रतिनिधि, आश्रम के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *