सिंगापुर से छत्तीसगढ़ को ₹43,250 करोड़ की FDI प्रतिबद्धता, ₹41,750 करोड़ से बनेगा AI-रेडी डेटा सेंटर कैंपस

रायपुर। छत्तीसगढ़ ने वैश्विक निवेश के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। सिंगापुर में आयोजित प्रथम सिंगापुर-इंडिया नेटवर्क फॉर ग्रोथ (SING) फोरम 2026 में राज्य को कुल ₹43,250 करोड़ के प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (FDI) की प्रतिबद्धताएं मिली हैं। इसमें सिंगापुर की एनर्जी कैपिटल ग्लोबल प्राइवेट लिमिटेड की ओर से छत्तीसगढ़ में 100 मेगावाट क्षमता का AI-रेडी डेटा सेंटर कैंपस विकसित करने के लिए ₹41,750 करोड़ के निवेश की प्रतिबद्धता शामिल है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सिंगापुर में आयोजित फोरम में छत्तीसगढ़ के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व किया। भारत सरकार के विदेश मंत्रालय के नामांकन पर राज्य ने SING फोरम 2026 में भागीदारी की।

100 मेगावाट का AI-रेडी डेटा सेंटर कैंपस

एनर्जी कैपिटल ग्लोबल एशिया-प्रशांत क्षेत्र में ऑन-साइट स्वच्छ ऊर्जा से जुड़े AI-रेडी डेटा सेंटर विकसित और वित्तपोषित करने वाली कंपनी है। कंपनी की मौजूदगी सिंगापुर, भारत, मलेशिया, कजाकिस्तान और ऑस्ट्रेलिया में है। मुख्यमंत्री साय ने फोरम के दौरान कंपनी को ‘इन्विटेशन टू इन्वेस्ट’ सौंपा।

कंपनी के CEO स्टानिस्लाव बोरिसोव ने कहा कि AI इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए आवश्यक ऊर्जा, भूमि और नीतिगत समर्थन छत्तीसगढ़ में उपलब्ध है। कंपनी मध्य भारत में बड़ा AI-रेडी डेटा सेंटर कैंपस विकसित करने और इसके संचालन के लिए छत्तीसगढ़ के इंजीनियरों को प्रशिक्षित करने की दिशा में काम करेगी।

सोलर सेक्टर में भी ₹1,500 करोड़ का निवेश

छत्तीसगढ़ को सनस्ट्रीम ग्रीन एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड से सोलर ऊर्जा, बैटरी स्टोरेज और संबंधित कंपोनेंट्स के क्षेत्र में ₹1,500 करोड़ के FDI प्रस्ताव मिले हैं। इन निवेशों से राज्य में डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर के साथ-साथ स्वच्छ ऊर्जा क्षेत्र को भी गति मिलने की उम्मीद है।

राज्य में पहले से ही भारत का पहला AI डेटा सेंटर पार्क स्थापित है। नए निवेश प्रस्तावों के साथ छत्तीसगढ़ को डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर और AI आधारित अर्थव्यवस्था के उभरते केंद्र के तौर पर विकसित करने की दिशा में गतिविधियां तेज हुई हैं।

CM साय बोले- युवाओं के लिए बनेंगे नए अवसर

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि सिंगापुर से मिली निवेश प्रतिबद्धताएं छत्तीसगढ़ की नीतियों, संभावनाओं और मानव संसाधन में निवेशकों के भरोसे को दर्शाती हैं। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से राज्य के युवाओं के लिए रोजगार और कौशल विकास के नए अवसर पैदा होंगे।

फोरम में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के साथ फायरसाइड चैट में मुख्यमंत्री साय ने औद्योगिक सुधारों और निवेश अनुकूल वातावरण पर छत्तीसगढ़ का पक्ष रखा। उन्होंने कहा कि राज्य ने उद्योगों की समस्याओं को समझकर व्यवस्थाओं में बदलाव किए हैं और अब तक 450 से अधिक सुधार किए जा चुके हैं।

मुख्यमंत्री के अनुसार, इन सुधारों, औद्योगिक नीति और सक्रिय प्रशासन के चलते पिछले 18 महीनों में छत्तीसगढ़ को ₹8 लाख करोड़ से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं।

वैश्विक कंपनियों के प्रतिनिधि हुए शामिल

SING फोरम 2026 में सिंगापुर सरकार के विदेश मंत्रालय तथा व्यापार एवं उद्योग मंत्रालय की राज्य मंत्री गैन सियो ह्वांग मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। Mastercard, IHCL (Taj Hotels) और Nestlé सहित कई वैश्विक कंपनियों के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी फोरम को संबोधित किया।

फोरम से इतर मुख्यमंत्री साय ने एक्वाटेक और एड्रॉइट ओवरसीज प्राइवेट लिमिटेड के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। इनमें औद्योगिक अपशिष्ट जल के पुनः उपयोग के लिए अधोसंरचना तथा छत्तीसगढ़ में खाद्य प्रसंस्करण के अवसरों पर चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री 6 अक्टूबर को सिंगापुर में होने वाले CEO राउंडटेबल में प्रमुख कंपनियों और निवेश संस्थानों के शीर्ष नेतृत्व से मुलाकात करेंगे। इसके जरिए SING फोरम के दौरान बनी निवेश संभावनाओं को आगे बढ़ाने पर जोर रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *