डिजिटल इंडिया से बदली भारत की पहचान, CSC बना जनसेवा का मजबूत आधार: वित्त मंत्री ओपी चौधरी

रायपुर। छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री श्री ओपी चौधरी ने कहा कि डिजिटल इंडिया अभियान ने भारत को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाई है और कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) इस डिजिटल क्रांति के वास्तविक सूत्रधार बनकर उभरे हैं। वे रायपुर में आयोजित CSC के ‘17 Years of Progress with Purpose’ कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

इस अवसर पर वित्त मंत्री ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले CSC संचालकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया और डिजिटल सेवाओं को जन-जन तक पहुंचाने में उनके योगदान की सराहना की।

CSC बना ‘सिंगल विंडो सिस्टम’

मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि प्रदेश के लगभग 38 हजार CSC संचालकों के प्रयासों से तीन करोड़ नागरिकों को विभिन्न सरकारी सेवाएं सरल, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से उपलब्ध हो रही हैं। उन्होंने CSC को वास्तविक ‘सिंगल विंडो सिस्टम’ बताते हुए कहा कि यहां राजस्व, श्रम, बिजली, आयुष्मान, बैंकिंग समेत कई सेवाएं एक ही स्थान पर मिल रही हैं।

डिजिटल इंडिया बना वैश्विक मॉडल

उन्होंने कहा कि वर्ष 2015 में शुरू हुए डिजिटल इंडिया मिशन ने आज भारत को डिजिटल भुगतान और UPI के क्षेत्र में विश्व के अग्रणी देशों में शामिल कर दिया है। गांवों तक डिजिटल सेवाओं की पहुंच ने डिजिटल डिवाइड को कम किया है और तकनीक का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया है।

DBT और JAM से पारदर्शिता में वृद्धि

वित्त मंत्री ने कहा कि जनधन, आधार और मोबाइल (JAM) के माध्यम से प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (DBT) ने भ्रष्टाचार पर प्रभावी अंकुश लगाया है। महतारी वंदन योजना और प्रधानमंत्री आवास योजना जैसी योजनाओं की राशि सीधे लाभार्थियों के खातों में पहुंच रही है, जिसमें CSC की महत्वपूर्ण भूमिका है।

‘अंजोर विजन-2047’ से विकसित छत्तीसगढ़ की दिशा

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार ‘छत्तीसगढ़ अंजोर विजन-2047’ के माध्यम से विकसित छत्तीसगढ़ के लक्ष्य की ओर तेजी से आगे बढ़ रही है। अटल डिजिटल सुविधा केंद्रों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल सेवाओं का विस्तार किया जा रहा है।

CSC नेटवर्क को और मिलेगा विस्तार

वित्त मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार CSC नेटवर्क को और मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। भविष्य में अधिक सरकारी सेवाओं को CSC से जोड़ा जाएगा और ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर अधोसंरचना विकसित की जाएगी, ताकि नागरिकों को एक ही स्थान पर अधिक सुविधाएं मिल सकें।

कार्यक्रम के अंत में उन्होंने CSC टीम को सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि राज्य सरकार जनसेवा को और प्रभावी बनाने के लिए हर संभव सहयोग देती रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *