- मुख्य सचिव विकासशील ने केंद्र प्रवर्तित योजनाओं की समीक्षा की
रायपुर, 11 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव श्री विकासशील ने मंगलवार को मंत्रालय महानदी भवन में विभिन्न विभागों के अंतर्गत संचालित केंद्र प्रवर्तित योजनाओं (CSS) की समीक्षा की। बैठक में योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, समय पर भुगतान, आवश्यक स्वीकृतियों और डिजिटल सिस्टम पर योजनाओं की ऑनबोर्डिंग की स्थिति की विस्तार से समीक्षा की गई।
मुख्य सचिव ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि केंद्र प्रवर्तित योजनाओं के लाभार्थियों और विभिन्न वेंडर्स को समय पर भुगतान सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि योजनाओं के अंतर्गत जरूरी स्वीकृतियां निर्धारित समय-सीमा में प्राप्त करने के लिए व्यवस्थित और सिस्टमैटिक सिस्टम विकसित किया जाना चाहिए।
उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी इंप्लीमेंटेशन की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश भी दिए, ताकि योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंच सके।
SNA स्पर्श ऑनबोर्डिंग की स्थिति की समीक्षा
बैठक में विभिन्न विभागों के अंतर्गत संचालित केंद्र प्रवर्तित योजनाओं के लिए SNA स्पर्श ऑनबोर्डिंग की स्थिति की समीक्षा की गई। SNA स्पर्श एक डिजिटल प्रणाली है, जिसके माध्यम से केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं के तहत राज्यों में फंड ट्रांसफर की प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और व्यवस्थित बनाया जाता है।
इस प्रणाली का उद्देश्य फंड के दुरुपयोग को रोकने के साथ-साथ भुगतान प्रक्रिया में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ाना है। बैठक में विभिन्न योजनाओं की मातृ स्वीकृतियों तथा लंबित परिचालनों की भी समीक्षा की गई।
योजनाओं की ऑनबोर्डिंग और भुगतान प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश
मुख्य सचिव विकासशील ने सभी विभागों को योजनाओं की ऑनबोर्डिंग के लिए निर्धारित आवश्यक कार्रवाई शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने योजनाओं के अंतर्गत होने वाले सभी भुगतानों की प्रक्रिया में तेजी लाने के लिए विभागवार कार्ययोजना तैयार करने को कहा।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि योजनाओं की प्रगति और क्रियान्वयन की नियमित निगरानी की जाए, ताकि निर्धारित समय-सीमा में लक्ष्यों को पूरा किया जा सके।
वित्त विभाग ने दिया योजनाओं पर प्रस्तुतीकरण
बैठक में वित्त विभाग के सचिव डॉ. रोहित यादव ने केंद्र प्रवर्तित योजनाओं के संबंध में विस्तार से प्रस्तुतीकरण दिया। उन्होंने योजनाओं की वर्तमान स्थिति, SNA स्पर्श ऑनबोर्डिंग और भुगतान प्रक्रिया से संबंधित विभिन्न बिंदुओं की जानकारी दी।
बैठक में आदिम जाति विकास विभाग के प्रमुख सचिव श्री सोनमणि बोरा, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग की सचिव सुश्री रीना बाबा साहेब कंगाले, स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव डॉ. कमलप्रीत सिंह, स्वास्थ्य विभाग के सचिव श्री अमित कटारिया, उद्योग एवं वाणिज्य एवं सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव श्री रजत कुमार, कृषि विकास एवं किसान कल्याण विभाग के सचिव श्री सिद्धार्थ कोमल परदेशी, श्रम विभाग के सचिव श्री हिमशिखर गुप्ता, योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग के सचिव श्री भूवनेश यादव, पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के सचिव डॉ. एस. भारतीदासन, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग की सचिव श्रीमती शम्मी आबिदी, जल संसाधन विभाग के सचिव श्री राजेश सुकुमार टोप्पो, विशेष सचिव वित्त श्री चंदन कुमार सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

