मिशन अमृत 2.0: अहिवारा, मुंगेली और कांकेर में बनेंगे आधुनिक उद्यान, 8,732 पौधों से बढ़ेगी हरियाली

cg mahanadi

रायपुर। छत्तीसगढ़ के शहरों को स्वच्छ, सुंदर, हरित और नागरिक सुविधाओं से युक्त बनाने की दिशा में राज्य सरकार ने एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया है। मिशन अमृत 2.0 के तहत अहिवारा, मुंगेली और कांकेर नगर पालिका क्षेत्रों में आधुनिक उद्यान विकसित किए जाएंगे। तीनों उद्यानों के निर्माण के लिए कुल 7 करोड़ 29 लाख 24 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति दी गई है।

इन उद्यानों में कुल 8,732 पौधे लगाए जाएंगे। बच्चों के लिए प्ले-एरिया, युवाओं और नागरिकों के लिए ओपन जिम, पैदल भ्रमण के लिए पाथवे, बैठने एवं विश्राम की व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था, टॉयलेट ब्लॉक, गजेबो और वर्षा जल संचयन जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा- बेहतर सार्वजनिक स्थल बनाना सरकार की प्राथमिकता

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रदेश के नगरीय क्षेत्रों में नागरिकों को बेहतर और सुविधायुक्त जीवन उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। शहरों में ऐसे सार्वजनिक स्थलों का विकास किया जा रहा है, जहां हरियाली और स्वच्छ वातावरण के साथ बच्चों को खेलने तथा युवाओं एवं वरिष्ठ नागरिकों को व्यायाम, पैदल भ्रमण और विश्राम की सुविधाएं मिल सकें।

उन्होंने कहा कि मिशन अमृत 2.0 के तहत विकसित किए जा रहे ये उद्यान केवल हरित क्षेत्र नहीं होंगे, बल्कि बच्चों, युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों के लिए उपयोगी सार्वजनिक स्थल के रूप में विकसित किए जाएंगे।

मुख्यमंत्री श्री साय के मार्गदर्शन और उप मुख्यमंत्री तथा नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री श्री अरुण साव के निर्देशन में इन परियोजनाओं को मंजूरी मिली है। सभी उद्यानों का निर्माण एक वर्ष के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

पांच वर्षों तक होगा उद्यानों का संचालन और संधारण

उद्यानों के निर्माण के साथ इनके रख-रखाव की व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया गया है। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद पांच वर्षों तक चयनित एजेंसी द्वारा इन परिसरों का संचालन एवं संधारण किया जाएगा।

इससे उद्यानों में विकसित हरियाली, अधोसंरचना और नागरिक सुविधाओं का नियमित रख-रखाव सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।

मिशन अमृत 2.0 के उद्यानों में मिलेंगी ये सुविधाएं

तीनों शहरों में विकसित होने वाले उद्यानों में नागरिकों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए कई सुविधाएं प्रस्तावित हैं।

  • बच्चों के लिए प्ले-एरिया और खेल उपकरण
  • युवाओं एवं नागरिकों के लिए ओपन जिम
  • पैदल भ्रमण के लिए पाथवे
  • बैठने और विश्राम की व्यवस्था
  • सोलर एवं अन्य प्रकाश व्यवस्था
  • टॉयलेट ब्लॉक
  • गजेबो
  • वर्षा जल संचयन की व्यवस्था
  • व्यापक पौधरोपण और हरित क्षेत्र का विकास

अहिवारा में 2.07 करोड़ रुपये की लागत से बनेगा आधुनिक उद्यान

अहिवारा नगर पालिका के वार्ड क्रमांक-01 स्थित शीतला मंदिर क्षेत्र में 0.52 एकड़ भूमि पर आधुनिक उद्यान विकसित किया जाएगा। इसके लिए 2 करोड़ 7 लाख 48 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति दी गई है।

उद्यान परिसर में करीब 2,115 पौधे लगाए जाएंगे। यहां सोलर लाइट, बच्चों के लिए खेल क्षेत्र, युवाओं एवं अन्य नागरिकों के लिए ओपन जिम, बैठने एवं विश्राम की सुविधा और पाथवे विकसित किया जाएगा।

इसके अलावा टॉयलेट ब्लॉक, गजेबो और वर्षा जल संचयन की व्यवस्था भी की जाएगी।

मुंगेली में 3.52 करोड़ रुपये से विकसित होगा सबसे बड़ा उद्यान

मुंगेली नगर पालिका के पेंड्राकांपा स्थित महाराणा प्रताप वार्ड में 3.08 एकड़ क्षेत्र में उद्यान विकसित किया जाएगा। इसके लिए 3 करोड़ 52 लाख 32 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

क्षेत्रफल की दृष्टि से तीनों परियोजनाओं में यह सबसे बड़ा उद्यान होगा। यहां लगभग 4,453 पौधे लगाए जाएंगे।

उद्यान में बच्चों के लिए प्ले-एरिया एवं खेल उपकरण, नागरिकों के लिए ओपन जिम, बैठने की सुविधा और पैदल भ्रमण के लिए पाथवे बनाया जाएगा। इसके साथ टॉयलेट ब्लॉक, गजेबो, प्रकाश व्यवस्था और रेन वाटर हार्वेस्टिंग स्ट्रक्चर भी विकसित किया जाएगा।

कांकेर में 1.69 करोड़ रुपये से बनेगा आधुनिक ग्रीन स्पेस

कांकेर नगर पालिका के वार्ड क्रमांक-09 श्रीराम नगर में 0.72 एकड़ भूमि पर आधुनिक उद्यान विकसित किया जाएगा। इसके लिए 1 करोड़ 69 लाख 44 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति दी गई है।

यहां करीब 2,164 पौधे लगाए जाएंगे। उद्यान में बच्चों के लिए प्ले-इक्विपमेंट, नागरिकों के लिए बैठने एवं विश्राम की सुविधा, ओपन जिम और पैदल भ्रमण के लिए पाथवे विकसित किया जाएगा।

इसके अलावा सोलर लाइट, टॉयलेट ब्लॉक, गजेबो और वर्षा जल संरक्षण के लिए रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम भी स्थापित किया जाएगा।

हरित अधोसंरचना के साथ स्वस्थ जीवनशैली को मिलेगा बढ़ावा

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि तेजी से विकसित हो रहे शहरों में अधोसंरचना के विस्तार के साथ पर्यावरण और नागरिकों के जीवन की गुणवत्ता पर ध्यान देना भी जरूरी है।

व्यापक पौधरोपण से शहरों में हरित क्षेत्र बढ़ेगा, जबकि ओपन जिम, पाथवे, खेल और विश्राम की सुविधाएं नागरिकों को स्वस्थ जीवनशैली के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध कराएंगी।

वर्षा जल संचयन की व्यवस्थाओं से पर्यावरण संरक्षण के साथ जल संवर्धन के प्रयासों को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है।

उप मुख्यमंत्री अरुण साव बोले- लंबे समय तक मिलेगा नागरिकों को लाभ

उप मुख्यमंत्री तथा नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री श्री अरुण साव ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन में राज्य सरकार नगरीय क्षेत्रों को स्वच्छ, सुंदर, हरित और सुविधायुक्त बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।

उन्होंने कहा कि मिशन अमृत 2.0 के तहत स्वीकृत इन परियोजनाओं से शहरों में हरित क्षेत्र बढ़ने के साथ नागरिकों को मनोरंजन, व्यायाम और विश्राम के लिए बेहतर सार्वजनिक स्थल मिलेंगे।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का जोर केवल अधोसंरचना तैयार करने पर नहीं, बल्कि उसके लंबे समय तक बेहतर रख-रखाव पर भी है। इसी उद्देश्य से उद्यानों के निर्माण के बाद पांच वर्षों तक चयनित एजेंसी द्वारा संचालन एवं संधारण की व्यवस्था की गई है।

गुणवत्ता और समयसीमा के साथ पूरे होंगे निर्माण कार्य

नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के प्रमुख सचिव श्री सोनमणि बोरा ने बताया कि मिशन अमृत 2.0 के माध्यम से नगरीय क्षेत्रों में हरित अधोसंरचना मजबूत करने और नागरिकों के लिए गुणवत्तापूर्ण सार्वजनिक स्थल विकसित करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य निर्धारित मापदंडों के अनुरूप गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए हैं, ताकि अहिवारा, मुंगेली और कांकेर के नागरिकों को जल्द इन आधुनिक उद्यानों की सुविधाओं का लाभ मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *