नवा रायपुर में जनदर्शन के दौरान दूर-दराज से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं सुनीं, अधिकारियों को समय-सीमा में निराकरण के निर्देश
रायपुर, 22 सितंबर 2026। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने नवा रायपुर स्थित निवास कार्यालय में जनदर्शन के माध्यम से प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों एवं आगंतुकों से मुलाकात की। उन्होंने आमजन से आत्मीय संवाद करते हुए उनकी समस्याओं, मांगों और सुझावों को गंभीरता से सुना तथा संबंधित विषयों की जानकारी ली।
जनदर्शन में दूर-दराज के क्षेत्रों से आए नागरिकों ने अपनी विभिन्न समस्याओं और आवश्यकताओं से मंत्री श्री अग्रवाल को अवगत कराया। मंत्री ने प्रत्येक व्यक्ति की बात ध्यानपूर्वक सुनी और संबंधित अधिकारियों को प्रकरणों के निराकरण के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों को जनसमस्याओं का त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के साथ ही प्रत्येक प्रकरण पर समय-सीमा के भीतर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। मंत्री ने कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए। पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं और सुविधाओं का लाभ समय पर मिले, यह सुनिश्चित करना अधिकारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
जनसेवा और संवाद से मजबूत होगा सुशासन
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि जनसेवा ही सुशासन सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रदेश की जनता की समस्याओं को सुनना और उनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना शासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि आमजन से निरंतर संवाद के माध्यम से उनकी आवश्यकताओं को समझते हुए प्रभावी निराकरण की दिशा में कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रत्येक नागरिक की समस्या के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। जनदर्शन के माध्यम से नागरिकों को अपनी बात सीधे रखने का अवसर मिल रहा है और प्राप्त प्रकरणों पर संबंधित विभागों के माध्यम से आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।
नागरिकों ने दिए सुझाव
जनदर्शन के दौरान नागरिकों ने अपनी समस्याओं के साथ विभिन्न सुझाव भी मंत्री के समक्ष रखे। श्री अग्रवाल ने कहा कि आमजन के सुझाव शासन की कार्यप्रणाली को और बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। सरकार जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्य कर रही है।

