110 करोड़ के नए कामों की घोषणा, STP के लिए 82 करोड़
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बुधवार को बीरगांव नगर निगम क्षेत्र को 135 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की सौगात दी। उन्होंने विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। साथ ही क्षेत्र की जरूरतों को देखते हुए करीब 110 करोड़ रुपये के नए विकास कार्यों की घोषणा की।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि विकसित भारत के संकल्प के अनुरूप विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण के लिए राज्य सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। बीरगांव जैसे तेजी से विकसित हो रहे शहरी क्षेत्र में सड़क, पेयजल, स्वच्छता, सीवरेज और अन्य नागरिक सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है।
STP के लिए 82 करोड़, पेयजल और सड़क सुविधाओं पर भी जोर
मुख्यमंत्री ने बीरगांव में सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) के निर्माण के लिए 82 करोड़ रुपये देने की घोषणा की। इसके अलावा ओवरहेड टैंक और पाइपलाइन विस्तार के लिए 10 करोड़, सड़क एवं नाली निर्माण के लिए 5 करोड़ तथा सरोरा में खेल मैदान के विकास के लिए 5 करोड़ रुपये की घोषणा की गई।
विद्यार्थियों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं के लिए बीरगांव में आधुनिक सुविधाओं से युक्त नालंदा परिसर बनाया जाएगा, जिसके लिए 5 करोड़ रुपये देने की घोषणा की गई है। इसके अलावा स्ट्रीट लाइट, ई-लाइब्रेरी, स्वास्थ्य केंद्र में मरम्मत एवं विद्युतीकरण और सर्व मांगलिक भवन सहित अन्य कार्यों के लिए भी राशि घोषित की गई।
स्टेट कैपिटल रीजन में शामिल बीरगांव के लिए बनेगा रोडमैप
मुख्यमंत्री ने कहा कि रायपुर, दुर्ग-भिलाई और आसपास के क्षेत्रों को शामिल करते हुए स्टेट कैपिटल रीजन विकसित करने की दिशा में काम किया जा रहा है। बीरगांव भी इसका हिस्सा है। इसके माध्यम से क्षेत्र के सुनियोजित और दीर्घकालीन विकास का रोडमैप तैयार किया जाएगा।
बीरगांव में मॉडल रजिस्ट्री कार्यालय शुरू करने की भी घोषणा की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे नागरिकों को जमीन की रजिस्ट्री से जुड़ी सेवाएं अधिक सुविधाजनक तरीके से उपलब्ध होंगी।
सात क्षेत्रों में सर्वे के बाद मिलेंगे आवासीय पट्टे
मुख्यमंत्री ने बीरगांव नगर निगम के रावांभाठा, बंजारी नगर, शक्तिपारा, मठपारा, शीतलापारा, उरकुरा और मजदूर नगर सरोरा में सर्वे कराने की घोषणा की। सर्वे के बाद पात्र लोगों को नियमानुसार आवासीय पट्टे वितरित किए जाएंगे।
हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ, सफाई मित्रों का सम्मान
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों का गृह प्रवेश कराया गया। प्रधानमंत्री स्वनिधि, मुख्यमंत्री गृह निर्माण सम्मान और नोनी सुरक्षा योजना सहित विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को प्रोत्साहन राशि के डेमो चेक भी प्रदान किए गए।
मुख्यमंत्री ने सफाई मित्रों और स्वच्छता दीदियों के पांव धुलवाकर, तिलक लगाकर और आरती उतारकर उनका सम्मान किया। बीरगांव नगर निगम को दो नए अग्निशमन वाहन भी सौंपे गए।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत रुद्राक्ष का पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि बीरगांव के विकास के लिए राज्य सरकार योजनाबद्ध तरीके से काम कर रही है। उनके अनुसार पिछले ढाई वर्षों में बीरगांव नगर निगम क्षेत्र को 160 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की सौगात मिल चुकी है।

