रायपुर/नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी ने संगठन में बड़ा फेरबदल करते हुए विभिन्न राज्यों और क्षेत्रों में नई संगठनात्मक जिम्मेदारियां सौंपी हैं। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने गुरुवार को 24 संगठनात्मक नियुक्तियों की घोषणा की। इनमें प्रदेश महामंत्री (संगठन), प्रदेश सह महामंत्री (संगठन) और संगठन से जुड़े अन्य पद शामिल हैं। पार्टी के अनुसार सभी नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से प्रभावी होंगी।
छत्तीसगढ़ में कर्मवीर बने प्रदेश महामंत्री (संगठन)
छत्तीसगढ़ भाजपा संगठन में महत्वपूर्ण बदलाव करते हुए कर्मवीर को प्रदेश महामंत्री (संगठन) की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वे रायपुर से संगठन का कामकाज संभालेंगे। इससे प्रदेश भाजपा के संगठनात्मक ढांचे में महत्वपूर्ण बदलाव हुआ है।
पवन साय को झारखंड की जिम्मेदारी
भाजपा ने पवन साय को झारखंड का प्रदेश महामंत्री (संगठन) नियुक्त किया है। उन्हें रांची केंद्र से झारखंड में पार्टी के संगठनात्मक कार्यों की जिम्मेदारी दी गई है।
अजय जमवाल महाराष्ट्र के प्रदेश महामंत्री (संगठन)
संगठनात्मक फेरबदल में अजय जमवाल को महाराष्ट्र का प्रदेश महामंत्री (संगठन) बनाया गया है। वे मुंबई केंद्र से महाराष्ट्र भाजपा के संगठनात्मक कार्यों को देखेंगे। इसके साथ ही सतिश धोंड को महाराष्ट्र में प्रदेश सह महामंत्री (संगठन) की जिम्मेदारी दी गई है।
शिवप्रकाश और सौदान सिंह को राष्ट्रीय स्तर पर नई जिम्मेदारी
भाजपा ने राष्ट्रीय स्तर पर भी संगठनात्मक जिम्मेदारियों में बदलाव किया है। शिवप्रकाश को राष्ट्रीय सह महामंत्री (संगठन) के रूप में आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और गोवा की जिम्मेदारी दी गई है। उनका केंद्र मुंबई रहेगा।
वहीं सौदान सिंह को बिहार, झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल की जिम्मेदारी दी गई है और उनका केंद्र भुवनेश्वर निर्धारित किया गया है।
कई राज्यों में बदले संगठन महामंत्री
भाजपा की घोषित सूची के अनुसार मध्य प्रदेश में चंद्रशेखर, ओडिशा में मानस मोहंती, पंजाब-चंडीगढ़ में मंत्री श्रीनिवासुलु, उत्तर प्रदेश में धर्मपाल और पश्चिम बंगाल में अमिताभ चक्रवर्ती को प्रदेश महामंत्री (संगठन) की जिम्मेदारी दी गई है।
इसके अलावा आंध्र प्रदेश-तेलंगाना में मधुकर, तेलंगाना में दशरथ, असम-त्रिपुरा में रविंद्र राजू, बिहार में भिखुभाई दलसानिया, हिमाचल प्रदेश में सिद्धार्थन, गुजरात और दादरा नगर हवेली एवं दमन-दीव में रत्नाकर तथा गुजरात में अरुण बिन्नाड़ी को भी संगठनात्मक जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
भाजपा के इस व्यापक संगठनात्मक फेरबदल के तहत कुल 24 नियुक्तियां की गई हैं। पार्टी ने कहा है कि नई जिम्मेदारियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी।

