रायपुर, 28 सितंबर 2026। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के निर्देश पर महानदी के बढ़ते जलस्तर और जांजगीर-चांपा जिले के तटीय क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे और पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पांडेय ने शिवरीनारायण पहुंचकर बैराज, महानदी पुल, तटीय क्षेत्रों और राहत शिविर का निरीक्षण किया।
अधिकारियों ने महानदी के जलस्तर और बहाव की स्थिति का जायजा लेते हुए राहत एवं बचाव तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित विभागों को संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने और स्थिति बिगड़ने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
महानदी पुल पर आवागमन बंद
महानदी में बढ़ते जलप्रवाह को देखते हुए सुरक्षा की दृष्टि से पुल पर आवागमन बंद कर दिया गया है। कलेक्टर-एसपी ने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को पुल एवं आसपास के क्षेत्रों में सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। लोगों को तेज बहाव वाले पानी और संवेदनशील स्थानों से दूर रहने की समझाइश दी जा रही है।
नदी के जलस्तर और बहाव की स्थिति को देखते हुए अन्य संवेदनशील स्थानों पर भी सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई है।
राहत शिविर में भोजन-पानी और स्वास्थ्य की व्यवस्था
कलेक्टर-एसपी ने श्री महंत लालदास महाविद्यालय में बनाए गए राहत शिविर का भी निरीक्षण किया। शिविर में प्रभावित नागरिकों के ठहरने के साथ भोजन, स्वच्छ पेयजल, प्रकाश, स्वच्छता और शौचालय जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
अधिकारियों ने राहत शिविर में रह रहे लोगों की सुरक्षा और सुविधा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।
प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य टीमें सक्रिय
जलभराव वाले क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग की टीमें सक्रिय हैं। नागरिकों की नियमित स्वास्थ्य जांच की जा रही है और आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। जलभराव के कारण संभावित संक्रमण और बीमारियों से बचाव के लिए स्वास्थ्य एवं स्वच्छता संबंधी उपाय भी किए जा रहे हैं।
राजस्व, पुलिस, नगर सेना, जल संसाधन और स्वास्थ्य विभाग को आपसी समन्वय के साथ राहत एवं बचाव कार्यों के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं।
तटीय इलाकों में मुनादी कर लोगों को किया जा रहा सतर्क
संवेदनशील और पूर्व में जलभराव से प्रभावित क्षेत्रों में मुनादी के माध्यम से लोगों को संभावित जलभराव और सुरक्षा संबंधी सावधानियों की जानकारी दी जा रही है। प्रशासन द्वारा नदी के जलस्तर, पुल-पुलियों और आवागमन वाले मार्गों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
जरूरत पड़ने पर प्रभावित लोगों को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के लिए मानव संसाधन और आवश्यक संसाधन तैयार रखे गए हैं।
नदी और तेज बहाव वाले क्षेत्रों में न जाने की अपील
कलेक्टर और एसपी ने नागरिकों से महानदी, पुल, घाट और तेज बहाव वाले क्षेत्रों में अनावश्यक रूप से नहीं जाने की अपील की है। प्रशासन ने लोगों से तेज बहाव वाले पानी के पास सेल्फी या वीडियो बनाने से बचने तथा सुरक्षा की दृष्टि से बंद किए गए मार्गों पर जाने का प्रयास नहीं करने को कहा है।
किसी भी आपात स्थिति में संबंधित अधिकारियों को तत्काल सूचना देने की अपील की गई है, ताकि समय पर राहत और बचाव कार्य शुरू किया जा सके।
सभी विभागों को अलर्ट रहने के निर्देश
जिला प्रशासन महानदी के तटीय क्षेत्रों की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के निर्देशानुसार प्रभावित नागरिकों की सुरक्षा और आवश्यक सुविधाओं को प्राथमिकता दी जा रही है। पुलिस, राजस्व, नगर सेना, जल संसाधन और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी राहत एवं बचाव कार्यों के लिए तैयार हैं।
निरीक्षण के दौरान नगर पालिका शिवरीनारायण के अध्यक्ष श्री राहुल थवाईत, एसडीएम जांजगीर श्री सुब्रत प्रधान, एसडीएम शिवरीनारायण सुश्री भावना साहू, कार्यपालन अभियंता श्री शशांक सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

