CM Helpline 1076: छत्तीसगढ़ में 2.31 लाख शिकायतें दर्ज, 88.85% का निराकरण; मुख्यमंत्री साय ने की समीक्षा

रायपुर, 16 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ में आम जनता की समस्याओं के समाधान के लिए शुरू की गई सीएम हेल्पलाइन 1076 पर अब तक 2.31 लाख से अधिक शिकायतें दर्ज की गई हैं। इनमें से 2,05,996 शिकायतों का निराकरण किया जा चुका है। यानी कुल शिकायतों में से 88.85 प्रतिशत का समाधान हुआ है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इसे शुरुआती दौर के उत्साहजनक परिणाम बताते हुए अधिकारियों को शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री साय ने शुक्रवार को नवा रायपुर स्थित सीबीडी बिल्डिंग में संचालित सीएम हेल्पलाइन कार्यालय पहुंचकर इसकी कार्यप्रणाली की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने शिकायतों के निराकरण, विभागवार और जिलावार प्रदर्शन तथा शिकायतकर्ताओं से मिलने वाले फीडबैक की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिला कलेक्टरों से भी चर्चा की और विभिन्न जिलों के शिकायतकर्ताओं से सीधे संवाद कर समस्याओं के समाधान की स्थिति जानी।

CM Helpline 1076 पर 2,31,850 शिकायतें दर्ज

समीक्षा बैठक में अधिकारियों ने बताया कि 9 जून से 15 अक्टूबर 2026 तक सीएम हेल्पलाइन 1076 पर कुल 2,31,850 शिकायतें दर्ज हुईं। इनमें से 2,05,996 शिकायतों का निराकरण किया जा चुका है, जबकि 25,854 शिकायतों पर कार्रवाई जारी है। हेल्पलाइन पर प्रतिदिन औसतन 1,500 से 2,000 शिकायतें प्राप्त हो रही हैं।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि शिकायतों का निराकरण केवल आंकड़ों तक सीमित नहीं रहना चाहिए। यह सुनिश्चित करना जरूरी है कि शिकायत बंद करने से पहले नागरिक की वास्तविक समस्या दूर हो और वह समाधान से संतुष्ट हो। उन्होंने अधिकारियों को शिकायतकर्ताओं से फीडबैक लेने की व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के निर्देश दिए।

ट्रांसफॉर्मर बदलने से 80 से अधिक परिवारों को मिली राहत

सीएम हेल्पलाइन के जरिए समस्याओं के समाधान के उदाहरणों में गरियाबंद जिले के मैनपुर क्षेत्र का मामला भी सामने आया। यहां ग्राम निवासी दमन साहू ने गांव का ट्रांसफॉर्मर खराब होने और बिजली आपूर्ति बाधित होने की शिकायत दर्ज कराई थी। इससे गांव के लगभग 80 से 85 परिवार प्रभावित थे।

शिकायत दर्ज होने के करीब एक सप्ताह के भीतर नया ट्रांसफॉर्मर लगा दिया गया और बिजली आपूर्ति बहाल हो गई। दमन साहू ने मुख्यमंत्री से बातचीत के दौरान बताया कि अब गांव में बिजली व्यवस्था सामान्य है।

मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों की तत्परता की सराहना करते हुए कहा कि बिजली और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी शिकायतों का प्राथमिकता से समाधान किया जाना चाहिए।

CM Helpline पर शिकायत के 10 दिन में मिली आवास की किस्त

जशपुर जिले के बगीचा विकासखंड निवासी वीरेंद्र यादव ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत दूसरी किस्त मिलने में देरी की शिकायत सीएम हेल्पलाइन 1076 पर दर्ज कराई थी। राशि नहीं मिलने के कारण उनके आवास निर्माण का काम प्रभावित हो रहा था।

शिकायत दर्ज होने के लगभग 10 दिनों के भीतर उनके बैंक खाते में 55 हजार रुपये की दूसरी किस्त प्राप्त हो गई। मुख्यमंत्री ने इस प्रकरण का उल्लेख करते हुए कहा कि पात्र हितग्राहियों को आवास निर्माण के लिए योजना की किस्त समय पर मिलनी चाहिए, ताकि उनका काम बाधित न हो।

नौ महीने से बंद पेंशन हुई शुरू

मुंगेली जिले के ग्राम करही निवासी तोरण साहू ने मुख्यमंत्री को बताया कि उनकी माताजी को करीब नौ महीने से पेंशन नहीं मिल रही थी। उन्होंने इस समस्या की शिकायत सीएम हेल्पलाइन 1076 पर की।

शिकायत के बाद संबंधित विभाग ने प्रकरण की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की। इसके परिणामस्वरूप उनकी माताजी की पेंशन दोबारा शुरू हुई और लंबित राशि का भी भुगतान किया गया। शिकायतकर्ता ने समाधान पर संतुष्टि जताई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन वृद्धजनों, विधवा महिलाओं, दिव्यांगजनों और जरूरतमंद परिवारों के लिए महत्वपूर्ण आर्थिक सहायता है। पात्र लोगों को इसके लिए परेशान नहीं होना पड़े, यह प्रशासन की जिम्मेदारी है।

शिकायतों के आंकड़ों से सुधारी जाएंगी नागरिक सेवाएं

मुख्यमंत्री साय ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों का नियमित विश्लेषण किया जाए। यह पता लगाया जाए कि किन विभागों, योजनाओं और सेवाओं से संबंधित शिकायतें बार-बार सामने आ रही हैं। एक ही तरह की शिकायतें अधिक संख्या में मिलने पर उनके मूल कारणों की पहचान कर व्यवस्था में सुधार किया जाए।

उन्होंने कहा कि सीएम हेल्पलाइन केवल शिकायत दर्ज करने का माध्यम नहीं है, बल्कि प्रशासन की जवाबदेही सुनिश्चित करने और नागरिक सेवाओं को बेहतर बनाने का महत्वपूर्ण साधन भी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आम नागरिक के लिए छोटी दिखने वाली समस्या भी बड़ी परेशानी बन सकती है। राशन कार्ड, पेंशन, बिजली, पेयजल, आवास की किस्त और राजस्व संबंधी कार्यों में देरी सीधे परिवारों के दैनिक जीवन को प्रभावित करती है। इसलिए प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेकर निर्धारित समय-सीमा में उसका समाधान किया जाना चाहिए।

लापरवाही पर तय होगी जवाबदेही, अच्छे कार्यों को मिलेगा प्रोत्साहन

मुख्यमंत्री ने शिकायतों के निराकरण में संवेदनशीलता और तत्परता दिखाने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रशासन में अच्छा काम करने वालों को प्रोत्साहित किया जाना चाहिए, वहीं शिकायतों के समाधान में अनावश्यक देरी और लापरवाही की स्थिति में जवाबदेही भी सुनिश्चित होनी चाहिए।

उन्होंने कॉल रिसीव करने, शिकायत दर्ज करने, संबंधित विभाग तक पहुंचाने, समय-सीमा में निराकरण और शिकायतकर्ता से फीडबैक लेने की पूरी प्रक्रिया को सरल और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।

ग्राम पंचायतों और कॉमन सर्विस सेंटरों में होगा प्रचार-प्रसार

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बस्तर संभाग सहित दूरस्थ और वनांचल क्षेत्रों में सीएम हेल्पलाइन 1076 की पहुंच बढ़ाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि ग्राम पंचायतों, उचित मूल्य की दुकानों और कॉमन सर्विस सेंटरों में वॉल पेंटिंग सहित विभिन्न माध्यमों से हेल्पलाइन का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि अंतिम गांव तक के नागरिक इस सुविधा का लाभ उठा सकें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हेल्पलाइन का उद्देश्य नागरिकों की आवाज सीधे शासन तक पहुंचाना और उनकी समस्याओं का समय पर समाधान सुनिश्चित करना है। शासन और जनता के बीच विश्वास मजबूत करना इस व्यवस्था का महत्वपूर्ण लक्ष्य है।

बैठक में मुख्य सचिव विकास शील, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव राहुल भगत, विभिन्न विभागों के सचिव, मुख्यमंत्री के विशेष सचिव रजत बंसल सहित सभी जिलों के कलेक्टर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *