एकता नगर से लौटे पुलिस अधिकारियों से मिले डिप्टी CM विजय शर्मा, जवानों के साहस, अनुशासन और समर्पण की सराहना की
रायपुर, 4 नवंबर 2026। गुजरात के एकता नगर में आयोजित राष्ट्रीय एकता दिवस परेड में छत्तीसगढ़ पुलिस और बस्तर के सुरक्षा बलों ने अपने अनुशासन, साहस और शानदार मार्च पास्ट से प्रदेश का प्रतिनिधित्व किया। इस गौरवपूर्ण उपलब्धि के बाद उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने परेड में शामिल पुलिस अधिकारियों से मुलाकात कर उनके अनुभव जाने और उनके प्रदर्शन की सराहना की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों के साथ भोजन भी किया।
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि राष्ट्रीय एकता दिवस की भव्य परेड में छत्तीसगढ़ के जवानों की सहभागिता पूरे प्रदेश के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने बताया कि उन्होंने स्वयं परेड का सीधा प्रसारण देखा। जवानों को पूरे आत्मविश्वास और अनुशासन के साथ कदमताल करते देखकर उन्हें गर्व की अनुभूति हुई। उन्होंने कहा कि जवानों ने राष्ट्रीय मंच पर छत्तीसगढ़ के साहस, संघर्ष और बदलते बस्तर की तस्वीर प्रस्तुत की।
बस्तर की महिला कमांडो के प्रदर्शन की विशेष सराहना
विजय शर्मा ने बस्तर फाइटर्स की महिला कमांडो के मार्च पास्ट की विशेष रूप से प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि जिस आत्मविश्वास, जोश और दृढ़ता के साथ बस्तर की बेटियों ने परेड में हिस्सा लिया, वह प्रेरणादायक है। उन्होंने पूरे बस्तर की महिलाओं की शक्ति, साहस और आत्मसम्मान का प्रतिनिधित्व किया।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन क्षेत्रों की पहचान कभी नक्सल हिंसा और भय से होती थी, आज उन्हीं क्षेत्रों की बेटियां राष्ट्रीय मंच पर अपने सामर्थ्य का प्रदर्शन कर रही हैं। यह बस्तर में आ रहे बदलाव की महत्वपूर्ण तस्वीर है।
नक्सलवाद के खिलाफ संघर्ष की कहानी राष्ट्रीय मंच पर पहुंची
परेड में शामिल अधिकारियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि इस आयोजन के लिए उन्होंने लंबे समय तक कठिन अभ्यास किया था। देशभर के सुरक्षा बलों के साथ एक मंच पर प्रदर्शन करना उनके लिए अविस्मरणीय अनुभव रहा।
जवानों ने बताया कि परेड के माध्यम से उन्हें छत्तीसगढ़ पुलिस, डीआरजी और बस्तर के सुरक्षा बलों के योगदान को देश के सामने प्रस्तुत करने का अवसर मिला। उन्होंने नक्सलवाद के खिलाफ वर्षों से चले संघर्ष, साथियों के बलिदान और बस्तर में शांति स्थापित करने के प्रयासों को याद किया।
उप मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि छत्तीसगढ़ के सुरक्षा बलों ने कठिन परिस्थितियों में साहस और समर्पण के साथ नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई लड़ी है। आज उसी संघर्ष की कहानी राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत होना प्रदेश के लिए गौरवपूर्ण है। बस्तर अब शांति, विश्वास और विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
इन पुलिस अधिकारियों ने निभाई महत्वपूर्ण जिम्मेदारी
राष्ट्रीय एकता दिवस परेड में छत्तीसगढ़ के पुलिस अधिकारियों ने अलग-अलग जिम्मेदारियां निभाईं।
- डीएसपी बृज किशोर यादव: परेड के द्वितीय कमान अधिकारी रहे। वर्तमान में बीजापुर जिले के कुटरू में एसडीओपी पदस्थ हैं।
- डीएसपी जितेंद्र कुम्भकार: परेड के आरक्षित टू-आईसी रहे। वर्तमान में सुकमा जिले के कोंटा में एसडीओपी हैं।
- डीएसपी कुलदीप बंजारे: डीआरजी की पुरुष टुकड़ी का नेतृत्व किया।
- शरद जायसवाल: डीआरजी पुरुष टुकड़ी के आरक्षित कमांडर रहे।
- डीएसपी अमृता पैकरा: डीआरजी एवं बस्तर फाइटर्स की महिला टुकड़ी का नेतृत्व किया।
- कविता ध्रुवे: महिला टुकड़ी की आरक्षित कमांडर रहीं।
- डीएसपी प्रवीण भारती: एसटीएफ टुकड़ी के आरक्षित अधिकारी रहे।
जवानों का साहस युवाओं के लिए प्रेरणा : विजय शर्मा
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने सभी अधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि उन्होंने राष्ट्रीय मंच पर छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाया है। उनका साहस, अनुशासन और समर्पण प्रदेश के अन्य पुलिसकर्मियों तथा युवाओं के लिए प्रेरणा है।
उन्होंने सभी अधिकारियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ के सुरक्षा बलों का योगदान प्रदेश के इतिहास में सदैव याद रखा जाएगा।

