बांकीपुर उपचुनाव पर भाजपा का फोकस, नितिन नवीन ने एनडीए नेताओं के साथ बनाई चुनावी रणनीति

पटना। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने मंगलवार को पटना में एनडीए के घटक दलों के प्रदेश अध्यक्षों और पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक कर बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव की तैयारियों और चुनावी रणनीति पर विस्तृत मंथन किया। उन्होंने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और एनडीए प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा की रिकॉर्ड मतों से जीत सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

मीडिया से बातचीत में नितिन नवीन ने कहा कि बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र से उनका रिश्ता केवल जनप्रतिनिधि का नहीं, बल्कि परिवार जैसा है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता और भाजपा कार्यकर्ताओं ने उन्हें राजनीति में आगे बढ़ने की प्रेरणा दी और अब पार्टी ने जिस विश्वास के साथ नीरज कुमार सिन्हा को उम्मीदवार बनाया है, उसी विश्वास के साथ जनता उन्हें भी समर्थन देगी।

उन्होंने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसकी कार्यकर्ता-आधारित संस्कृति है, जहां एक साधारण कार्यकर्ता भी अपनी मेहनत और समर्पण के बल पर नेतृत्व तक पहुंच सकता है। नीरज कुमार सिन्हा को उम्मीदवार बनाया जाना इसी परंपरा का उदाहरण है।

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि पिछले दो दशकों में बांकीपुर में सड़क, पेयजल, बिजली, पार्क, सामुदायिक भवन और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विकास के लिए लगातार काम हुआ है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि राज्यसभा सदस्य बनने के बाद भी बांकीपुर उनके लिए प्राथमिकता बना रहेगा और क्षेत्र के विकास के लिए उनके प्रयास जारी रहेंगे।

दौरे के दौरान नितिन नवीन ने पार्टी के प्रदेश पदाधिकारियों, मोर्चों, प्रकोष्ठों, मंडल अध्यक्षों, शक्ति केंद्र प्रमुखों और बूथ अध्यक्षों के साथ अलग-अलग बैठकें कर जनसंपर्क अभियान, बूथ सशक्तिकरण और चुनावी तैयारियों की समीक्षा की। इससे पहले सोमवार देर शाम पटना पहुंचने पर उन्होंने वरिष्ठ नेताओं और प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा के साथ भी रणनीतिक बैठक कर चुनाव अभियान को और प्रभावी बनाने पर चर्चा की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *