विधानसभा परिसर में ‘एक पेड़ मां के नाम 3.0’ अभियान, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और डॉ. रमन सिंह ने लगाया रुद्राक्ष का पौधा

छत्तीसगढ़ विधानसभा परिसर में ‘एक पेड़ मां के नाम 3.0’ अभियान के तहत रुद्राक्ष का पौधा लगाते मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के पावस सत्र के दौरान मंगलवार को विधानसभा परिसर में ‘एक पेड़ मां के नाम 3.0’ अभियान के तहत वृहद पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, उप मुख्यमंत्री अरुण साव, संसदीय कार्य मंत्री केदार कश्यप सहित सभी विधायकों ने अपनी माताओं के नाम पर पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण और मातृ सम्मान का संदेश दिया।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रुद्राक्ष का पौधा रोपते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर शुरू हुआ ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान अब देशव्यापी जनआंदोलन का रूप ले चुका है। उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल वृक्षारोपण नहीं, बल्कि मां के प्रति कृतज्ञता, प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता और आने वाली पीढ़ियों के प्रति जिम्मेदारी का प्रतीक है। जब कोई व्यक्ति अपनी मां के नाम पर पौधा लगाता है, तो उसके संरक्षण के प्रति भावनात्मक जुड़ाव भी स्वतः विकसित होता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विधानसभा परिसर से दिया गया यह संदेश पूरे प्रदेश में पर्यावरण संरक्षण के प्रति नई जागरूकता पैदा करेगा। उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे वृक्षारोपण को जनभागीदारी का व्यापक अभियान बनाने में मदद मिलेगी।

उन्होंने जलवायु परिवर्तन, ग्लोबल वार्मिंग और जैव विविधता के संरक्षण की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि प्रत्येक नागरिक को कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल का संकल्प लेना चाहिए। राज्य सरकार वन संरक्षण, हरित आवरण बढ़ाने और जनभागीदारी आधारित पर्यावरण अभियानों को लगातार बढ़ावा दे रही है। कार्यक्रम के दौरान सभी जनप्रतिनिधियों ने विशेष सेल्फी प्वाइंट पर तस्वीरें भी खिंचवाईं और प्रदेशवासियों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनके संरक्षण का आह्वान किया। इस अवसर पर वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *