छत्तीसगढ़ में जनगणना 2027: 1.32 लाख परिवारों ने की स्व-गणना, 1 मई से शुरू होगा मकानसूचीकरण

census 2027

रायपुर. छत्तीसगढ़ में जनगणना 2027 के प्रथम चरण के तहत मकानसूचीकरण और मकानों की गणना का फील्ड कार्य 1 मई से शुरू होगा। इससे पहले राज्य में 1,37,941 परिवारों ने स्व-गणना (Self Enumeration) प्रक्रिया पूरी कर डिजिटल जनगणना की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया है।

राज्य जनगणना कार्यालय के अनुसार, यह पहला चरण 1 मई से 30 मई 2026 तक चलेगा। इसमें प्रगणक घर-घर जाकर लगभग 33 प्रश्नों के माध्यम से मकानों की स्थिति, उपलब्ध सुविधाओं और परिसंपत्तियों से संबंधित जानकारी मोबाइल एप के जरिए एकत्र करेंगे।

स्व-गणना करने वाले परिवारों को 11 अंकों की पहचान संख्या (Self Enumeration Identification Number) प्रगणक को सत्यापन हेतु उपलब्ध करानी होगी।

जनगणना अधिनियम, 1948 और जनगणना नियमावली, 1990 के तहत सभी जानकारी पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्रगणक किसी नागरिक से वन-टाइम पासवर्ड या लिंक नहीं मांगेंगे।

राज्य में इस कार्य के लिए लगभग 62,500 अधिकारियों और कर्मचारियों की तैनाती की गई है। यह प्रक्रिया 33 जिलों, 195 नगरीय निकायों, 252 तहसीलों और 19,978 ग्रामों में संचालित की जाएगी।

जनगणना निदेशक कार्तिकेय गोयल ने नागरिकों से अपील की है कि वे प्रगणकों को सहयोग करें और सही जानकारी प्रदान करें, जिससे भविष्य में शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास और रोजगार जैसी योजनाओं को प्रभावी बनाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *