रायपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर और जांजगीर-चांपा जिलों में लगातार हो रही भारी बारिश और जलभराव की स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रशासन को राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि प्रभावित क्षेत्रों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाए और जरूरतमंद लोगों तक समय पर हर संभव सहायता पहुंचाई जाए।
मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को निर्देशित किया है कि प्रभावित परिवारों तक राहत सामग्री, भोजन, स्वच्छ पेयजल और चिकित्सा सुविधाएं बिना किसी विलंब के उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही जलभराव वाले इलाकों में पानी निकासी की व्यवस्था तत्काल सुनिश्चित करने, क्षतिग्रस्त सड़कों की शीघ्र मरम्मत करने और जनसुविधाओं को जल्द से जल्द बहाल करने के लिए सभी उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी उपयोग किया जाए।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और प्रभावित क्षेत्रों की निरंतर मॉनिटरिंग की जा रही है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त संसाधन, राहत सामग्री और मानवबल तत्काल उपलब्ध कराया जाए, ताकि राहत एवं बचाव कार्यों में किसी प्रकार की बाधा न आए।
उन्होंने कहा कि प्रदेशवासियों की सुरक्षा और प्रत्येक प्रभावित परिवार तक समय पर राहत पहुंचाना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सरकार पूरी संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ प्रभावित नागरिकों के साथ खड़ी है तथा सामान्य जनजीवन को जल्द बहाल करने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।
प्रदेश में सक्रिय मानसून के कारण कई जिलों में लगातार बारिश हो रही है। ऐसे में प्रशासन को अलर्ट मोड पर रखते हुए सरकार हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है, ताकि किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।

