तेहरान/वॉशिंगटन। ईरान ने दावा किया है कि हाल के अमेरिकी हवाई हमलों में 30 से अधिक लोगों की मौत हुई है, जबकि 260 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। वहीं अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई और तेज की जा सकती है।
ईरान के स्वास्थ्य मंत्रालय के प्रवक्ता हुसैन केरमनपौर के अनुसार, हालिया हमलों में 260 से अधिक लोग घायल हुए हैं। उन्होंने बताया कि घायलों में कम से कम तीन महिलाएं और छह बच्चे शामिल हैं तथा 222 लोगों को उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। इन आंकड़ों की स्वतंत्र पुष्टि फिलहाल नहीं हो सकी है।
इससे पहले ईरान सरकार की प्रवक्ता फातेमेह मोहाजेरानी ने कहा था कि हाल के अमेरिकी हमलों में 30 से अधिक नागरिकों की मौत हुई है। वहीं ईरानी सेना का दावा है कि दक्षिण-पूर्वी क्षेत्र के एक सैन्य अड्डे पर हुए हमले में सात सैन्यकर्मी भी मारे गए।
उधर, व्हाइट हाउस में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने राष्ट्रीय सुरक्षा अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक की। बैठक में उपराष्ट्रपति जेडी वेंस, विदेश मंत्री मार्को रुबियो, रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ, सीआईए निदेशक जॉन रैटक्लिफ सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में ईरान के खिलाफ आगे की रणनीति पर चर्चा हुई।
बैठक से पहले ट्रम्प ने एक साक्षात्कार में कहा कि यदि तनाव कम नहीं हुआ तो अमेरिका ईरान के खिलाफ सैन्य अभियान जारी रखेगा और संभावित नए लक्ष्यों पर भी कार्रवाई की जा सकती है। अमेरिकी और इजराइली अधिकारियों का मानना है कि ईरान के कुछ संवेदनशील परमाणु और सैन्य ठिकाने अभी भी निगरानी में हैं।
ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते सैन्य तनाव ने पूरे पश्चिम एशिया में सुरक्षा चिंताओं को बढ़ा दिया है। क्षेत्रीय हालात पर दुनिया की नजर बनी हुई है और कई देशों ने संयम बरतने तथा कूटनीतिक समाधान की अपील की है।

