कोलकाता। पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी की ऐतिहासिक जीत के बाद मुख्यमंत्री पद को लेकर चल रही अटकलों पर आखिरकार विराम लग गया। शुक्रवार को कोलकाता के विश्व बांग्ला कन्वेंशन सेंटर में आयोजित भाजपा विधायक दल की बैठक में शुभेंदु अधिकारी को सर्वसम्मति से विधायक दल का नेता चुन लिया गया। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने स्वयं उनके नाम की घोषणा की।
बैठक में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत भाजपा के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। अमित शाह ने कहा कि विधायक दल के नेता के चयन के लिए उन्हें कुल आठ प्रस्ताव और समर्थन पत्र प्राप्त हुए और सभी में केवल शुभेंदु अधिकारी का ही नाम था। उन्होंने बताया कि दूसरा नाम देने के लिए पर्याप्त समय दिया गया, लेकिन किसी अन्य विधायक ने कोई नाम प्रस्तावित नहीं किया। इसके बाद शुभेंदु अधिकारी को औपचारिक रूप से पश्चिम Bengal भाजपा विधायक दल का नेता घोषित कर दिया गया।
घोषणा होते ही बैठक स्थल ‘नरेंद्र मोदी जिंदाबाद’ और ‘भारत माता की जय’ के नारों से गूंज उठा। अमित शाह और पश्चिम बंगाल भाजपा अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य ने शुभेंदु अधिकारी को माला पहनाकर उनका अभिनंदन किया। इसके बाद पार्टी नेताओं और विधायकों ने उन्हें बधाई दी। शुभेंदु अधिकारी ने सभी नेताओं का हाथ जोड़कर आभार व्यक्त किया।
भाजपा की जीत को पश्चिम बंगाल की राजनीति में बड़ा बदलाव माना जा रहा है। पार्टी ने विधानसभा चुनाव में शानदार प्रदर्शन करते हुए राज्य में पहली बार पूर्ण बहुमत हासिल किया है। चुनाव परिणामों के बाद से ही शुभेंदु अधिकारी मुख्यमंत्री पद की दौड़ में सबसे आगे माने जा रहे थे।
9 मई को होगा शपथ ग्रहण
भाजपा सरकार का शपथ ग्रहण समारोह शनिवार, 9 मई को कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन तथा एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों के शामिल होने की संभावना है।
बंगाल की राजनीति में बड़ा बदलाव
शुभेंदु अधिकारी का मुख्यमंत्री बनना पश्चिम बंगाल की राजनीति में एक नए दौर की शुरुआत माना जा रहा है। कभी तृणमूल कांग्रेस के प्रमुख नेताओं में शामिल रहे शुभेंदु अधिकारी ने भाजपा में आने के बाद पार्टी को बंगाल में मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई। हालिया चुनाव में उन्होंने नंदीग्राम और भवानीपुर जैसी हाई-प्रोफाइल सीटों पर जीत दर्ज कर अपनी राजनीतिक ताकत का प्रदर्शन किया।
भाजपा की ऐतिहासिक जीत
2026 के पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 294 में से 200 से अधिक सीटें जीतकर राज्य में पहली बार सरकार बनाने का रास्ता साफ किया। यह जीत राज्य की राजनीति में बड़ा सत्ता परिवर्तन मानी जा रही है।

