रायपुर, 6 मई 2026। छत्तीसगढ़ सरकार ने बुधवार को एक बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के 42 अधिकारियों का तबादला कर दिया। इस व्यापक बदलाव में अपर मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव, सचिव स्तर के अधिकारियों के साथ-साथ कई जिलों के कलेक्टर भी शामिल हैं। सरकार ने एक भारतीय वन सेवा (IFS) अधिकारी का भी स्थानांतरण किया है।
जारी आदेश के अनुसार, कई वरिष्ठ अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, जबकि कुछ को अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है। प्रशासनिक दृष्टि से अहम माने जा रहे इस फेरबदल को राज्य में शासन-प्रशासन की कार्यक्षमता बढ़ाने के उद्देश्य से किया गया कदम माना जा रहा है।
इस तबादला सूची में कई जिलों के कलेक्टर बदले गए हैं, जिससे स्थानीय प्रशासनिक ढांचे में भी बदलाव देखने को मिलेगा। सूत्रों के मुताबिक, आगामी समय में विकास कार्यों की गति तेज करने और प्रशासनिक समन्वय को मजबूत बनाने के लिए यह निर्णय लिया गया है।
सरकार द्वारा जारी विस्तृत सूची में सभी अधिकारियों के नाम और उनकी नई पदस्थापनाएं स्पष्ट की गई हैं। इस बड़े फेरबदल को लेकर प्रशासनिक हलकों में चर्चा तेज है और इसे “बड़ी प्रशासनिक सर्जरी” के रूप में देखा जा रहा है।








