कोलकाता। पश्चिम बंगाल में भाजपा की ऐतिहासिक जीत के बाद शुभेंदु अधिकारी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। उनके साथ भाजपा के पांच वरिष्ठ नेताओं ने भी मंत्री पद की शपथ ग्रहण की। राज्य में पहली बार भाजपा ने पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाई है।
इन नेताओं ने मंत्री पद की ली शपथ
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के साथ खड़गपुर सदर से निर्वाचित भाजपा नेता दिलीप घोष, आसनसोल दक्षिण की विधायक अग्निमित्रा पॉल, मतुआ समाज के प्रतिनिधि अशोक किर्तनिया, आदिवासी समाज से आने वाले खुदीराम टुडू और राजवंशी समुदाय के नेता नीशीथ प्रमाणिक ने मंत्री के रूप में शपथ ली।
दिलीप घोष भाजपा के फायरब्रांड नेताओं में गिने जाते हैं और प्रदेश अध्यक्ष सहित कई अहम जिम्मेदारियां संभाल चुके हैं। वहीं अग्निमित्रा पॉल भाजपा की प्रमुख महिला चेहरों में शामिल हैं।
खुदीराम टुडू आदिवासी समाज का प्रतिनिधित्व करते हैं, जबकि अशोक किर्तनिया मतुआ समुदाय के प्रभावशाली नेता माने जाते हैं। नीशीथ प्रमाणिक को राजवंशी समाज के प्रमुख चेहरे के तौर पर देखा जाता है।
भाजपा ने 207 सीटें जीतकर रचा इतिहास
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव दो चरणों में 23 और 29 अप्रैल को संपन्न हुए थे। 4 मई को घोषित परिणामों में भाजपा ने ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए 207 सीटों पर जीत दर्ज की और पहली बार राज्य में सरकार बनाई।
वहीं ममता बनर्जी की अगुवाई वाली तृणमूल कांग्रेस 80 सीटों पर सिमट गई। भाजपा ने दो-तिहाई बहुमत हासिल कर राज्य की 15 साल पुरानी टीएमसी सरकार को सत्ता से बाहर कर दिया।
बंगाल में नए राजनीतिक दौर की शुरुआत
राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, पश्चिम बंगाल में भाजपा की जीत राज्य की राजनीति में बड़े बदलाव का संकेत है। भाजपा नेतृत्व ने इसे “सोनार बांग्ला” की दिशा में ऐतिहासिक शुरुआत बताया है। नई सरकार के गठन के बाद अब विकास, रोजगार, महिला सुरक्षा और उद्योग निवेश को लेकर बड़े फैसलों की उम्मीद की जा रही है।

