रायपुर/कोलकाता। पश्चिम बंगाल की राजनीति में शनिवार को नया अध्याय जुड़ गया, जब सुवेंदु अधिकारी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। राज्य में सत्ता परिवर्तन के साथ भाजपा सरकार के गठन को लेकर समर्थकों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय कोलकाता में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए और उन्होंने मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी से शिष्टाचार मुलाकात कर उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री साय ने नवगठित मंत्रिपरिषद के सभी सदस्यों को भी सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।
“यह केवल सत्ता परिवर्तन नहीं, विकास का जनादेश”
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता ने विकास, सुशासन और नई कार्यसंस्कृति के पक्ष में स्पष्ट जनादेश दिया है। उन्होंने कहा कि यह केवल सरकार बदलने का अवसर नहीं, बल्कि राज्य को नई दिशा देने का ऐतिहासिक क्षण है।
साय ने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व और डबल इंजन सरकार की ताकत से पश्चिम बंगाल विकास की नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा।
युवाओं, किसानों और महिलाओं के लिए नई उम्मीद
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि नई सरकार के नेतृत्व में राज्य के युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर मिलेंगे, किसानों को समृद्धि का नया मार्ग मिलेगा और महिलाओं को सुरक्षित एवं सशक्त वातावरण प्राप्त होगा।
उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता ने पारदर्शिता और सुशासन के पक्ष में अपना विश्वास व्यक्त किया है और नई सरकार इस भरोसे पर खरी उतरेगी।
“सोनार बांग्ला” के विजन को मिलेगी नई दिशा
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि सुवेंदु अधिकारी के नेतृत्व में पश्चिम बंगाल नई ऊर्जा और नई सोच के साथ आगे बढ़ेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि राज्य में माताओं-बहनों की सुरक्षा सुनिश्चित होगी और युवाओं को उनके सपनों के अनुरूप अवसर प्राप्त होंगे।
साय ने कहा कि नई सरकार पश्चिम बंगाल को एक बार फिर “सोनार बांग्ला” की अवधारणा के अनुरूप विकास और समृद्धि की दिशा में आगे ले जाएगी।

